)
सीकर जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूधाम में दीपावली पर्व को लेकर मंदिर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं. इस अवसर पर बाबा श्याम की विशेष सेवा-पूजा और दिव्य श्रृंगार किया जाएगा. पूजा की व्यवस्थाओं के चलते श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कुछ समय इंतजार करना पड़ेगा. मंदिर कमेटी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 8 नवंबर को शाम 5 बजे तक बाबा श्याम के मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेंगे.
7 नवंबर रात 10 बजे बंद होंगे मंदिर के पट
श्री श्याम मंदिर कमेटी के कोषाध्यक्ष रवि सिंह चौहान ने बताया कि 7 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन रात 10 बजे बाबा श्याम के पट मंगल हो जाएंगे. इसके बाद दीपावली के अवसर पर मंदिर में विशेष सेवा-पूजा की जाएगी. इसी कारण 8 नवंबर को शाम 5 बजे तक आम श्रद्धालु बाबा के दर्शन नहीं कर सकेंगे.
निर्धारित समय पूरा होने के बाद मंदिर के पट दोबारा खोले जाएंगे और श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन कर सकेंगे. मंदिर कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे दर्शन के लिए आने से पहले मंदिर के समय का ध्यान रखें. साथ ही मंदिर परिसर में बनाई गई व्यवस्थाओं का पालन करें, ताकि किसी को परेशानी न हो.
दीपावली पर बाबा श्याम का होगा दिव्य श्रृंगार
दीपावली के अवसर पर खाटूश्यामजी मंदिर में बाबा श्याम का विशेष स्नान, अभिषेक और आकर्षक श्रृंगार किया जाता है. इस दौरान पंचामृत से अभिषेक की परंपरा निभाई जाती है. पंचामृत में दूध, दही, घी, शहद और शक्कर शामिल होते हैं. इसके साथ पवित्र जल से भी स्नान कराया जाता है.
स्नान के बाद बाबा को सुंदर और कीमती वस्त्र यानी बागा पहनाए जाते हैं. इस खास मौके पर रेशमी और मखमली कपड़ों से उनका श्रृंगार किया जाता है. इसके बाद सोने-चांदी के जड़ाऊ मुकुट, कुंडल, हार और अन्य आभूषणों से बाबा को सजाया जाता है.
फूलों और इत्र से महकेगा मंदिर परिसर
विशेष पूजा के दौरान बाबा श्याम के मस्तक पर चंदन और कुमकुम या केसर का तिलक लगाया जाता है. वहीं, लाल गुलाब, गेंदा और रजनीगंधा जैसे सुगंधित फूलों की मालाएं अर्पित की जाती हैं. पूजा और श्रृंगार के दौरान इत्र, धूप और अगरबत्ती का भी उपयोग किया जाता है.
दीपावली पर बाबा श्याम के इस विशेष स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु खाटूधाम पहुंचते हैं. ऐसे में मंदिर कमेटी ने भक्तों से अपील की है कि वे दर्शन का समय ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं.