PM मोदी के पिता पर टिप्पणी से गरमाई सियासत: गजेंद्र सिंह शेखावत और अतुल भंसाली ने कांग्रेस को घेरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को लेकर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और विधायक अतुल भंसाली ने कांग्रेस पर हमला बोला. दोनों ने टिप्पणी को निंदनीय बताते हुए राजनीतिक मर्यादा बनाए रखने की बात कही.
धानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला. शेखावत ने कहा कि जिस पार्टी ने देश का विभाजन स्वीकार किया, आपातकाल लगाया और अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए संविधान को तोड़ा-मरोड़ा, उससे राजनीतिक शुचिता की उम्मीद करना बेमानी है.
कांग्रेस ने हमेशा एक परिवार को ऊपर रखा: शेखावत
शेखावत ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा एक परिवार को देश की संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं से ऊपर रखा. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की भाषा उनके नेतृत्व और आदर्शों की झलक दिखाती है.
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने कभी सनातन धर्म, कभी प्रधानमंत्री की माता, भाजपा कार्यकर्ताओं और आरएसएस नेतृत्व को लेकर विवादित टिप्पणियां कीं. अब प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता को लेकर बयान देना भी उसी राजनीतिक संस्कृति को दर्शाता है.
जनता बार-बार कांग्रेस को नकार रही है
शेखावत ने तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश और गुजरात सहित कई राज्यों में कांग्रेस की कमजोर स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि जनता लगातार पार्टी को नकार रही है. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि कांग्रेस अपने बयानों और राजनीतिक आचरण में सुधार नहीं करेगी, तो उसे जनता की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा.
खड़गे की टिप्पणी बेहद हल्की और निंदनीय: अतुल भंसाली
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी पर जोधपुर शहर विधायक अतुल भंसाली ने तीखी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि सार्वजनिक और राजनीतिक जीवन में पद की गरिमा तथा बड़ों के प्रति सम्मान बनाए रखना जरूरी है. खड़गे की टिप्पणी बेहद हल्की और निंदनीय है.
यह भी पढ़ें - राजेंद्र राठौड़ के परिवार की सियासी एंट्री : बेटे पराक्रम और बहु कनिका ने जिला परिषद चुनाव का भरा पर्चा
कांग्रेस नेतृत्व राजनीतिक मर्यादाएं भूल चुका है: भंसाली
भंसाली ने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेतृत्व एक परिवार की भक्ति में राजनीतिक मर्यादाएं भूल चुका है. उन्होंने कहा कि बिना सिद्धांत, नीति और राष्ट्रवाद के राजनीति में सफलता संभव नहीं है.
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को यह प्रगति रास नहीं आ रही. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के बयानों से उनकी कुंठित मानसिकता उजागर हो रही है. भंसाली ने खड़गे की टिप्पणी की कड़े शब्दों में निंदा की.
Reporter - Deves Vyas