अरुणाचल में शहीद हुए ITBP जवान दामोदर मीना: गांव पहुंचा पार्थिव शरीर तो छलक पड़े आंसू
करौली का लाल दामोदर प्रसाद मीना अरुणाचल प्रदेश में आईटीबीपी में हवलदार पद पर सेवाएं दे रहे थे. 23 नवंबर को एक हादसे में उनकी जान चली गई.
अरुणाचल प्रदेश में ड्यूटी के दौरान मुठभेड़ में गोली लगने से ITBP के हवलदार दामोदर प्रसाद मीना का निधन हो गया. बुधवार सुबह करीब 10 बजे उनका पार्थिव शरीर पैतृक गांव पाडला खालसा पहुंचा. जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और क्षेत्रवासी उमड़ पड़े. पार्थिव शरीर गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
आईटीबीपी में हवलदार थे दामोदर प्रसाद
हवलदार दामोदर प्रसाद मीना भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में हवलदार के पद पर तैनात थे और अरुणाचल प्रदेश में देश की सुरक्षा में सेवाएं दे रहे थे. ड्यूटी के दौरान मुठभेड़ में गोली लगने से उनका निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही पैतृक गांव सहित आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
अंतिम यात्रा में जुटी भीड़
पार्थिव शरीर गांव पहुंचने के बाद अंतिम यात्रा निकाली गई. इसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और क्षेत्र के लोग शामिल हुए. इस दौरान वीर जवान अमर रहे और भारत माता की जय के नारों से पूरा गांव गूंज उठा. लोगों ने नम आंखों से वीर जवान को श्रद्धांजलि दी.
पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
अंतिम विदाई देने के लिए विधायक, सरपंच, विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे. जवान को सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई. देश की रक्षा करते हुए जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा दुख है. क्षेत्रवासियों ने उनके बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की.
राइफल साफ करते समय चल गई थी गोली
जानकारी के मुताबिक, 23 नवंबर को शाम करीब साढ़े छह बजे अरुणचल प्रदेश के पापुम पारे जिले के कीमिन में हवलदार दामोदर प्रसाद अपनी राइफल साफ कर रहे थे. अचानक राइफल से गोली चल गई. गोली उनके सीने में जा लगी. इसके बाद उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. दामोदर प्रसाद की पत्नी आशा मीना ने पति के पार्थिव देह को कंधा दिया. वहीं, बड़े बेटे सौरभ मीना ने मुखाग्नि दी.
(करौली से आशीष चतुर्वेदी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें : रूस-यूक्रेन जंग में फंसा राजस्थान का लाल, नौकरी का झांसा देकर युद्ध में झोंका; बंकर से भेजा परिवार को संदेश