)
दीपावली पर मिठाई की मिठास में मिलावट का डर तो अब जयपुर डेयरी ने उपभोक्ताओं को दिया है नया विकल्प। सरस घी से बनी काजू कतली और बूंदी के लड्डू अब डेयरी बूथों पर भी मिलेंगे. काजू कतली एक हजार रुपए किलो तो बूंदी के लड्डू 400 रुपए किलो में मिलेंगे. इतना ही नहीं, दिवाली के गिफ्ट पैक भी तैयार हैं. पिछले साल 33 टन मिठाई बेचने वाली जयपुर डेयरी ने इस बार 100 टन बिक्री का लक्ष्य रखा है. यानी मिठाई के बाजार में अब जयपुर डेयरी भी बड़ी हिस्सेदारी की तैयारी में है.
दिवाली पर मिठाइयों की बढ़ती मांग और बाजार में मिलावट की आशंका के बीच जयपुर डेयरी ने उपभोक्ताओं को सरस घी से बनी मिठाइयों का नया विकल्प दिया है. अब उपभोक्ताओं को सरस की पारंपरिक मिठाइयों के साथ काजू कतली और बूंदी के लड्डू भी मिलेंगे. जयपुर डेयरी ने पहली बार इन दोनों मिठाइयों को अपने बिक्री नेटवर्क में शामिल किया है. ये मिठाइयां जयपुर शहर के प्रमुख सरस पार्लरों और डेयरी बूथों पर उपलब्ध कराई जाएंगी.
उपभोक्ता 500 ग्राम काजू कतली का पैकेट 500 रुपए और एक किलो का पैकेट 1000 रुपए में खरीद सकेंगे. वहीं बूंदी के लड्डू का आधा किलो पैकेट 200 रुपए में मिलेगा. यानी दोनों मिठाइयों की कीमत क्रमश: 1000 और 400 रुपए प्रति किलो रखी गई है. जयपुर डेयरी के प्रबंध संचालक मनीष फौजदार ने बताया कि दिवाली पर बाजार में मिलावटी मिठाइयों की आशंका बढ़ जाती है. ऐसे में उपभोक्ताओं को सरस घी से निर्मित पारंपरिक मिठाइयां उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिक्री का दायरा बढ़ाया गया है.
जयपुर डेयरी एमडी मनीष फौजदार ने बताया कि जयपुर डेयरी ने पिछले साल दिवाली के दौरान 33 टन मिठाइयों की बिक्री की थी. इस बार 100 टन मिठाई बेचने का लक्ष्य रखा गया है. यानी पिछले साल के मुकाबले 67 टन अधिक मिठाई बेचने की तैयारी है. यह लक्ष्य पिछले साल की वास्तविक बिक्री से करीब 203 प्रतिशत ज्यादा है. इस बार डेयरी ने मिठाइयों की बल्क बुकिंग की सुविधा भी शुरू की है. इससे परिवारों के साथ ही संस्थान और कंपनियां भी दिवाली पर उपहार देने के लिए मिठाइयों की अग्रिम बुकिंग कर सकेंगे. इसके लिए जयपुर डेयरी के बिक्री विभाग के फोन नंबर 0141-2713670 पर संपर्क किया जा सकता है.
जयपुर डेयरी के अनुसार, मिठाइयां शहर के प्रमुख सरस पार्लरों और डेयरी बूथों पर बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगी. उपभोक्ता मिठाइयों और गिफ्ट पैक की जानकारी जयपुर डेयरी की वेबसाइट www.jaipurdairy.com पर भी देख सकेंगे. अधिक मात्रा में मिठाई खरीदने वालों के लिए अग्रिम बुकिंग की व्यवस्था की गई है. दिवाली पर मिठाई खरीदने और उपहार देने वाले उपभोक्ताओं के लिए जयपुर डेयरी ने पांच तरह के गिफ्ट पैक भी तैयार किए हैं. इनमें रसगुल्ला, गुलाब जामुन, सोनपापड़ी, सरस पेड़ा, कलाकंद और श्रीखंड केसर पिस्ता जैसी मिठाइयां शामिल हैं.
1150 रुपए गिफ्ट पैक में 500 ग्राम रसगुल्ला, 500 ग्राम गुलाब जामुन, 400 ग्राम सोनपापड़ी और 500 ग्राम सरस पेड़ा रहेगा. 475 रुपए गिफ्ट पैक में एक किलो रसगुल्ला और एक किलो गुलाब जामुन रहेगा. 500 ग्राम रसगुल्ला और 500 ग्राम गुलाब जामुन गिफ्ट पैक 260 रुपए में मिलेगा. 1120 रुपए के गिफ्ट पैक में एक किलो रसगुल्ला, एक किलो गुलाब जामुन, 400 ग्राम सोनपापड़ी, 500 ग्राम सरस पेड़ा और 500 ग्राम कलाकंद मिलेगा. 530 रुपए के गिफ्ट पैक में छह फ्लेवर्ड मिल्क कैन प्रत्येक 200 एमएल, तीन नग श्रीखंड केसर पिस्ता प्रत्येक 100 ग्राम और तीन नग श्रीखंड केसर पिस्ता प्रत्येक 100 ग्राम का एक अन्य पैक रहेगा.
बहरहाल, दिवाली पर मिठाई बाजार में निजी दुकानों के साथ अब जयपुर डेयरी भी अपनी मौजूदगी बढ़ा रही है. पिछले साल 33 टन बिक्री के मुकाबले इस बार 100 टन का लक्ष्य बताता है कि डेयरी त्योहारी मिठाई बाजार में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाने की तैयारी में है. हालांकि, उपभोक्ताओं के लिए असली कसौटी मिठाइयों की गुणवत्ता, ताजगी, कीमत और समय पर उपलब्धता होगी.