Jodhpur News: जोधपुर के बासनी क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में आग बुझाने के दौरान हुए ब्लास्ट में गंभीर रूप से झुलसे फायर फाइटर प्रदीप कुमार मेघवाल की इलाज के दौरान मौत हो गई. प्रदीप कुमार झुंझुनूं जिले में बिसाऊ के पास स्थित दुलचास गांव के रहने वाले थे. उनकी मौत की खबर के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई. प्रदीप कुमार का उनके पैतृक गांव दुलचास में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया.
23 सितंबर को केमिकल फैक्ट्री में लगी थी आग
जानकारी के अनुसार, 23 सितंबर की शाम करीब 5 बजे बासनी क्षेत्र स्थित एक केमिकल फैक्ट्री में अचानक आग लग गई थी. आग की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और आग बुझाने का काम शुरू किया. फायर फाइटर प्रदीप कुमार मेघवाल भी आग बुझाने की कार्रवाई में शामिल थे.
इसी दौरान फैक्ट्री में अचानक जोरदार ब्लास्ट हो गया. इस हादसे में प्रदीप कुमार गंभीर रूप से झुलस गए. उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था. इलाज के दौरान प्रदीप कुमार ने दम तोड़ दिया.
तिरंगा बाइक रैली के साथ गांव पहुंचा पार्थिव शरीर
प्रदीप कुमार का शव सुबह बिसाऊ बाइपास पहुंचा. यहां बड़ी संख्या में लोग उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए मौजूद रहे. इसके बाद तिरंगा बाइक रैली के साथ उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव दुलचास ले जाया गया. बाइक रैली के दौरान लोगों ने भारत माता की जय और प्रदीप कुमार अमर रहे के नारे लगाए. इस दौरान ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने फायर फाइटर प्रदीप कुमार को श्रद्धांजलि दी.
10 दमकलों ने पानी की बौछार कर दी सलामी
दुलचास गांव में प्रदीप कुमार का अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया. राजस्थान अग्निशमन सेवा की अजमेर, सीकर, झुंझुनूं, बगड़, बिसाऊ, नवलगढ़, मंडावा, चिड़ावा और मुकुंदगढ़ समेत विभिन्न स्थानों से करीब 10 दमकलें अंतिम संस्कार में पहुंचीं. दमकलों ने पानी की बौछार कर प्रदीप कुमार को सलामी दी. यह दृश्य देखकर अंतिम संस्कार में मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं. राजस्थान अग्निशमन सेवा के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और झुंझुनूं समेत अन्य स्थानों से अधिकारी और कर्मचारी भी प्रदीप कुमार को अंतिम विदाई देने पहुंचे.
पिता श्रीराम को सौंपा गया तिरंगा
अंतिम विदाई के दौरान अधिकारियों ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा प्रदीप कुमार के पिता श्रीराम को सौंपा. इस मौके पर उनके परिवार के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिचित मौजूद रहे. प्रदीप कुमार की अंतिम यात्रा में पूर्व सांसद नरेंद्र खीचड़, गिरधारीलाल खीचड़, भाजपा नेता सुभाष जांगिड़ समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. सभी ने नम आंखों से फायर फाइटर प्रदीप कुमार को अंतिम विदाई दी.