बालोतरा में नशे का बड़ा खेल: यूट्यूब देखकर घर में बना रहा था MD ड्रग्स, डॉक्टर समेत 3 गिरफ्तार
राजस्थान के बालोतरा जिले के मिठौड़ा गांव में ANTF ने अवैध MD ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने डॉक्टर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. मौके से 3.764 किलो कच्ची MD, रसायन, ड्रग्स बनाने के उपकरण, ₹3.41 लाख नकद और किआ सेल्टोस कार जब्त की गई. पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी ने यूट्यूब वीडियो देखकर MD बनाने का तरीका सीखा था.
राजस्थान एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बालोतरा जिले के सिवाना थाना क्षेत्र के मिठौड़ा गांव में अवैध रूप से MD ड्रग्स बनाने के ठिकाने का पर्दाफाश किया है. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डॉक्टर सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया. मौके से 3.764 किलोग्राम कच्ची MD, रासायनिक पदार्थ, ड्रग्स बनाने में प्रयुक्त उपकरण, 3 लाख 41 हजार 700 रुपये नकद और एक किआ सेल्टोस कार जब्त की गई.
यूट्यूब वीडियो देखकर MD बनाने का तरीका सीखा
ANTF की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, मिठौड़ा निवासी 27 वर्षीय सुरेश कुमार विश्नोई ग्रेजुएशन की पढ़ाई के बाद सरकारी भर्तियों की तैयारी करता था. सला 2022 में वह बेंगलुरु में दवा सप्लाई के काम से जुड़ा. साल 2024 में गांव लौटने के बाद वह कथित तौर पर नशे के अवैध कारोबार से जुड़ गया. पुलिस के अनुसार, अधिक मुनाफे के लालच में उसने सोशल मीडिया और यूट्यूब वीडियो देखकर MD ड्रग्स बनाने का तरीका सीखा और घर पर ही इसका निर्माण शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ेंः खाकी और माफिया की जंग: प्रतापगढ़ में रेंजर हत्याकांड का खुलासा, अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार
सप्लाई नेटवर्क में चिकित्सक सहित दो अन्य आरोपी
पुलिस के अनुसार, सुरेश कुमार तैयार MD की सप्लाई के लिए अपने संपर्कों का इस्तेमाल करता था. मिठौड़ा स्थित उसके घर पर दबिश के दौरान सुरेश कुमार, डॉ. मुकेश विश्नोई और उत्कर्ष विश्नोई मिले. तलाशी में MD बनाने में इस्तेमाल होने वाले रसायन और उपकरण बरामद हुए. तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस का आरोप है कि आरोपी सिवाना और जालोर के आसपास के क्षेत्रों में MD की सप्लाई करते थे.
लाखों की नकदी और कार जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 3.764 किलोग्राम कच्ची MD, कुल 888 ग्राम वजन के दो पैकेट में बताया गया 2-Bromo-4-Methylpropiophenone पाउडर, 800 ग्राम मिथाइलीन डाई क्लोराइड और 514 ग्राम अन्य रासायनिक पदार्थ जब्त किए. इसके अलावा इलेक्ट्रिक बिलौना मशीन, इंडक्शन चूल्हा, कांच का जार, थर्मामीटर सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए. पुलिस ने ₹3,41,700 नकद और RJ-19-CT-1035 नंबर की किआ सेल्टोस कार भी जब्त की है.
यह भी पढ़ेंः होटल में पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप: कथित देह व्यापार का खुलासा, सरदारशहर में संचालक गिरफ्तार
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
ANTF के उप महानिरीक्षक पुलिस अभिजीत सिंह के अनुसार, महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एमएन और महानिरीक्षक पुलिस विकास कुमार के मार्गदर्शन में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान जारी है. मिठौड़ा में हुई इस कार्रवाई में ANTF टीमों के साथ सिवाना थाना पुलिस की अहम भूमिका रही. कार्रवाई में शामिल टीमों को ANTF मुख्यालय में सम्मानित किए जाने की बात भी कही गई है.
पुलिस की अपील
नशे के अवैध कारोबार या अपराधियों से संबंधित सूचना ANTF नियंत्रण कक्ष नंबर 0141-2502877 अथवा व्हाट्सऐप नंबर 9261225056 पर दी जा सकती है. पुलिस के अनुसार, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
Report-Yovraj Singh Chouhan