SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

नगर निकाय चुनाव को लेकर जोधपुर में गहलोत का बड़ा दावा-कांग्रेस के पक्ष में बन चुका है माहौल!

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जोधपुर पहुंचकर एयरपोर्ट और नई हाईकोर्ट भवन की निर्माण गुणवत्ता को लेकर सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने नगर निकाय चुनाव में मुख्यमंत्री के रोड शो पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है. गहलोत ने भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता स्थानीय मुद्दों पर वोट करेगी और इस बार कांग्रेस को समर्थन मिल सकता है.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 09, 2026, 03:51 PM IST | Updated: Sep 09, 2026, 03:55 PM IST
Image Credit: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
Join

Jodhpur News: पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत आज जोधपुर पहुंचे. जोधपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने एयरपोर्ट को लेकर एयरफोर्स क्षेत्र से जुड़े पुराने मामले, नई हाईकोर्ट भवन की निर्माण गुणवत्ता और नगर निकाय चुनाव को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा.

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि एयरपोर्ट को लेकर एयरफोर्स से जुड़े मामले में करीब दो साल से चल रहा था. उन्होंने कहा कि सरकार का काम निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और ठेकेदारों की जिम्मेदारी तय करना है. उन्होंने एयरपोर्ट भवन में पहली बारिश में पानी आने और जोधपुर में नई हाईकोर्ट भवन में सामने आई समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि नई इमारतों में इस तरह की स्थिति बनना चिंता का विषय है.

गहलोत का सुझाव- इमारतों के निर्माण में जिम्मेदारी स्पष्ट हो 
गहलोत ने सुझाव दिया कि हाईकोर्ट, निचली अदालत और अन्य न्यायालयों की इमारतों के निर्माण में जिम्मेदारी स्पष्ट होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि पहले सरकार भवन बनाकर न्यायपालिका को सौंपती थी, जिससे निर्माण और गुणवत्ता को लेकर जिम्मेदारी तय होती थी. यदि वर्तमान व्यवस्था में न्यायपालिका स्वयं निर्माण कर रही है तो वह भी ठीक है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर जो काम सरकार के विभागों के जिम्मे हैं, उनकी जिम्मेदारी स्पष्ट रूप से तय होनी चाहिए.

गहलोत का दावा- राजस्थान में कांग्रेस के पक्ष में बन चुका माहौल
नगर निकाय चुनाव को लेकर अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री के रोड शो पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि स्थानीय निकाय चुनाव स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं के नेतृत्व में होने चाहिए. उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में मुख्यमंत्री के तौर पर उन्होंने स्थानीय चुनावों में इस तरह प्रचार नहीं किया. गहलोत ने दावा किया कि पूरे राजस्थान सहित जोधपुर में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन चुका है. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में उत्साह है और आम जनता कांग्रेस के साथ जुड़ रही है. गहलोत ने यह भी दावा किया कि जिन वर्गों को सरकार अपना पारंपरिक वोट बैंक मानती थी, उनमें भी इस बार नाराजगी देखने को मिल रही है.

उन्होंने कहा कि जनता के सामने स्थानीय मुद्दे सबसे महत्वपूर्ण हैं. उनके अनुसार, उनके कार्यकाल में पट्टे जारी करने, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों पर काम हुआ, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में इन मामलों में अपेक्षित गति नहीं दिखाई दे रही है. पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार पर भ्रष्टाचार बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार पहले की तुलना में कई गुना बढ़ गया है. उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की कई योजनाओं को बंद या कमजोर कर दिया गया है.


मत का इस्तेमाल करें और कांग्रेस को मजबूत बनाए- गहलोत 
गहलोत ने कहा कि राजस्थान के विभिन्न हिस्सों में स्कूल, खेल सुविधाएं, पुस्तकालय और छात्रावास जैसी कई इमारतें बनी हुई हैं, लेकिन उनका अपेक्षित उपयोग नहीं हो रहा है. उन्होंने सरकार से जनता के हित में इन सुविधाओं को प्रभावी रूप से संचालित करने की मांग की. अशोक गहलोत ने कहा कि विपक्ष के रूप में कांग्रेस लगातार आम जनता के मुद्दों को लेकर चिंता कर रही है. उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि वह बिना किसी संकोच के अपने मत का इस्तेमाल करें और कांग्रेस को मजबूत बनाए.

गहलोत ने दावा किया कि इस बार स्थानीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को जनता का समर्थन मिलेगा और सत्तारूढ़ दल को करारी हार का सामना करना पड़ सकता है. उन्होंने कहा कि जनता के हाथ में सबसे बड़ा अधिकार मतदान का है और जनता अपने वोट के माध्यम से सरकार को जवाब दे सकती है. 
Report- Rakesh Kumar Bhardwaj

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES