App

झुंझुनूं में गेट तोड़ने को लेकर विवाद: पत्नी को बचाने पहुंचे 70 साल के बुजुर्ग की अचानक बिगड़ी तबीयत, थाने में हुई मौत

झुंझुनूं के बिशनपुरा गांव में घर के बाहर अस्थायी गेट तोड़ने को लेकर विवाद हो गया. परिजनों ने राजवंती देवी के साथ मारपीट का आरोप लगाया. पत्नी को बचाने पहुंचे 70 वर्षीय सुमेर सिंह भी कथित मारपीट के बाद शिकायत दर्ज कराने पिलानी थाने पहुंचे. यहां प्रार्थना पत्र देते समय उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर पड़े. अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

झुंझुनूं में गेट तोड़ने को लेकर विवाद: पत्नी को बचाने पहुंचे 70 साल के बुजुर्ग की अचानक बिगड़ी तबीयत, थाने में हुई मौत
Image Credit: गेट तोड़ने को लेकर विवाद

Jhunjhunu News: राजस्थान के झुंझुनूं जिले के पिलानी क्षेत्र के बिशनपुरा गांव में घर के बाहर लगे अस्थायी गेट को तोड़ने को लेकर विवाद हो गया. परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान सुमेर सिंह की पत्नी राजवंती देवी के साथ मारपीट की गई. पत्नी को बचाने पहुंचे 70 वर्षीय सुमेर सिंह के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है.

थाने में शिकायत देते समय बिगड़ी तबीयत 
इस घटना के बाद सुमेर सिंह परिजनों के साथ शिकायत लेकर पिलानी थाने पहुंचे, जहां प्रार्थना पत्र देते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह चक्कर खाकर गिर पड़े. उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है. मामले की जांच जारी है.

अस्थायी गेट तोड़ने को लेकर हुआ विवाद
मृतक सुमेर सिंह के बेटे नवदीप सिंह के अनुसार, एक वाहन चालक बिशनपुरा गांव स्थित बालाजी धर्मकांटे पर आया था. इस दौरान वाहन चालक ने उनके घर के बाहर लगा अस्थायी गेट तोड़ दिया. उस समय उनकी मां राजवंती देवी पास के खेत में काम कर रही थी. उन्होंने वाहन चालक को आवाज दी, लेकिन उसने अनसुना कर दिया. इसके बाद राजवंती देवी उसके पास पहुंचीं तो आरोप है कि गांव में रहने वाले शीशपाल, दीपक और राजेंद्र भी वहां आ गए. आरोपियों ने राजवंती देवी के बाल खींचकर उन्हें नीचे गिरा दिया और मारपीट की.  

पत्नी को बचाने पहुंचे सुमेर सिंह से भी मारपीट का आरोप
परिजनों के अनुसार, राजवंती देवी के साथ मारपीट होते देख सुमेर सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट और बदसलूकी की गई. इसके बाद सुमेर सिंह परिजनों के साथ शिकायत दर्ज करवाने पिलानी थाने पहुंचे. पुलिस को प्रार्थना पत्र देने के दौरान सुमेर सिंह को अचानक चक्कर आया और वह गिर पड़े.

CPR देने के बाद अस्पताल पहुंचाया, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पुलिसकर्मियों और परिजनों ने उन्हें सीपीआर दिया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना के बाद शव को मोर्चरी में रखवाया गया. मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस मामले की जांच कर रही है. सुमेर सिंह की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा. वहीं, राजवंती देवी और सुमेर सिंह के साथ मारपीट किए जाने के आरोपों की भी जांच की जा रही है.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Sneha Aggarwal

Sneha Aggarwal

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More