)
Jhunjhunu News: झुंझुनूं नगर परिषद सभापति चुनाव को लेकर गुरुवार को दिनभर चली सियासी हलचल के बीच कांग्रेस ने राहत की सांस ली है. कांग्रेस प्रत्याशी अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान और भाजपा प्रत्याशी सीए मनु धनखड़ दोनों के नामांकन पत्र जांच के बाद स्वीकार कर लिए गए हैं. दोनों प्रत्याशियों के खिलाफ आई आपत्तियों को प्रशासन ने जांच के बाद खारिज कर दिया.
स्क्रूटनी के दौरान अब्दुल्ला अगवान के नामांकन पर आपत्ति
रिटर्निंग अधिकारी एवं एसडीएम रामकरण सिंह के अनुसार, नामांकन प्रक्रिया के तहत आज प्राप्त तीन नामांकनों की स्क्रूटनी की जा रही थी. इसी दौरान प्रत्याशी अब्दुल्ला अगवान के खिलाफ एक आपत्ति दर्ज कराई गई. आपत्ति में उनके भाई के नगर परिषद से जुड़े होने का जिक्र किया गया है.
आयुक्त से जांच रिपोर्ट, प्रत्याशी से मांगा स्पष्टीकरण
आरओ ने बताया कि आपत्ति के संबंध में नगर परिषद आयुक्त से तथ्यात्मक जांच रिपोर्ट मांगी गई है. साथ ही जिस प्रत्याशी के खिलाफ आपत्ति दर्ज हुई है. उससे भी स्पष्टीकरण मांगा गया है. आयुक्त की रिपोर्ट और प्रत्याशी के स्पष्टीकरण के आधार पर नियमों के अनुसार, मेरिट पर फैसला लिया जाएगा. एसडीएम ने स्पष्ट किया कि अगर परिवार का कोई सदस्य अलग रहता है तो केवल इस आधार पर फैसला नहीं होगा. बल्कि यह भी जांचा जाएगा कि उसका प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से संबंधित कार्य अथवा ठेकेदारी में कोई जुड़ाव है या नहीं.
समर्थकों की भीड़ से नगर परिषद के बाहर बढ़ी हलचल
जांच रिपोर्ट मिलने के बाद ही अंतिम फैसला लिया जाएगा. नामांकन पर आपत्ति और स्पष्टीकरण मांगे जाने की सूचना शहर में फैलते ही अब्दुल्ला अगवान के बड़ी संख्या में समर्थक नगर परिषद कार्यालय के बाहर पहुंच गए. देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई. स्थिति को देखते हुए पुलिस भी मौके पर पहुंची और भीड़ को रास्ते से हटाया गया. भीड़ के चलते नगर परिषद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई. इसके बाद यातायात को परिवर्तित किया गया.
कांग्रेस कार्यालय में भी जुटे कार्यकर्ता
वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक मान नगर स्थित कांग्रेस कार्यालय में भी एकत्रित हुए. कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष खलील बुडाना ने कहा कि संबंधित नियम में परिवार की परिभाषा के तहत स्वयं, पत्नी, बच्चे और साथ रहने वाले माता-पिता आते हैं. उन्होंने दावा किया कि भाई के संबंध में इस प्रावधान को लागू नहीं किया जा सकता.
कांग्रेस बोली- नामांकन दस्तावेजों में कोई त्रुटि नहीं
बुडाना ने कहा कि नोटिस का विधिवत जवाब दिया जाएगा और पार्टी की लीगल टीम पूरी तरह तैयार है. उन्होंने कहा कि अब्दुल्ला अगवान के नामांकन के दस्तावेजों में कोई त्रुटि नहीं है और भाई के नगर परिषद से जुड़े होने का नामांकन से कोई संबंध नहीं है. समर्थकों के नगर परिषद पहुंचने को लेकर उन्होंने कहा कि लोगों को किसी ने नहीं बुलाया बल्कि वे खुद पहुंचे.
जांच रिपोर्ट के बाद होगा अंतिम फैसला
उन्होंने इसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया बताते हुए कहा कि आगे की प्रक्रिया कानून और नियमों के अनुसार चलेगी. फिलहाल पूरे मामले में नगर परिषद आयुक्त की जांच रिपोर्ट और कांग्रेस प्रत्याशी के स्पष्टीकरण का इंतजार है. इसके बाद रिटर्निंग अधिकारी नामांकन पर नियमों के अनुसार फैसला लेंगे. ऐसे में झुंझुनूं नगर परिषद सभापति चुनाव की प्रक्रिया में अब यह आपत्ति महत्वपूर्ण हो गई है.
Report- Sandeep Kedia