झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू का WhatsApp अकाउंट हैक: सभी संपर्कों से मांगे जा रहे पैसे, MLA ने जारी की एडवाइजरी
Rajasthan Cyber Fraud: झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू का WhatsApp अकाउंट कथित तौर पर हैक होने के बाद उनके संपर्कों को संदिग्ध मैसेज भेजकर पैसों की मांग की जा रही है. विधायक ने लोगों से मैसेज, कॉल, OTP और लिंक का जवाब नहीं देने तथा कोई पैसा ट्रांसफर नहीं करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि WhatsApp अकाउंट रिकवर कराने की कोशिश की जा रही है.
Rajasthan Cyber Fraud: राजस्थान के झुंझुनूं से विधायक राजेंद्र भांबू का WhatsApp अकाउंट साइबर ठगों के निशाने पर आ गया है. विधायक राजेंद्र भांबू के WhatsApp अकाउंट से उनके संपर्क में मौजूद लोगों को मैसेज भेजे जा रहे हैं और इन मैसेज के जरिए पैसों की मांग किए जाने की जानकारी सामने आई है. अकाउंट के साथ छेड़छाड़ की जानकारी सामने आने के बाद विधायक राजेंद्र भांबू ने खुद लोगों को सतर्क किया है.
विधायक ने जारी की एडवाइजरी
विधायक ने स्पष्ट किया कि उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज, कॉल, OTP, लिंक या पैसों की मांग का जवाब नहीं दिया जाए. विधायक की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि यदि उनके नंबर से किसी व्यक्ति को पैसे भेजने के लिए कहा जाता है, तो किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर नहीं करें. साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या OTP साझा करने से भी बचने की अपील की गई है.
संदिग्ध मैसेज को नजरअंदाज करने की अपील
विधायक राजेंद्र भांबू ने बताया कि वे अपना WhatsApp अकाउंट रिकवर करवाने की कोशिश कर रहे हैं. जब तक अकाउंट पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक उनके नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज को नजरअंदाज करने की अपील की गई है. उन्होंने अपने संपर्कों और आमजन से यह सूचना अपने परिचितों तक भी पहुंचाने की अपील की है, ताकि साइबर ठग विधायक के नाम और नंबर का इस्तेमाल कर किसी व्यक्ति से आर्थिक धोखाधड़ी नहीं कर सकें.
विधायक बोले अकाउंट रिकवर करने की कर रहा कोशिश
विधायक भांबू ने जो अपील की है, उसमें लिखा है कि मेरा WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है. अगर मेरे नंबर से कोई मैसेज, कॉल, OTP, लिंक या पैसे की मांग आए, तो कृपया उसका जवाब न दें और कोई भी पैसे ट्रांसफर न करें. मैं अपना अकाउंट रिकवर करने की कोशिश कर रहा हूं, तब तक मेरे नंबर से आने वाले किसी भी संदिग्ध मैसेज को नजरअंदाज करें. कृपया यह मैसेज अपने जानने वालों तक भी पहुंचा दें.
WhatsApp हैक हो जाए तो क्या करें
अगर WhatsApp अकाउंट हैक हो गया है या किसी दूसरे व्यक्ति ने आपके नंबर से WhatsApp चलाना शुरू कर दिया है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. तो आप इन स्टेप्स से अपने WhatsApp अकाउंट को दोबारा पा सकते हैं. सबसे पहले WhatsApp को तुरंत दोबारा लॉगिन करें, OTP या वेरिफिकेशन कोड किसी को न दें, WhatsApp Linked Devices चेक करें, अकाउंट वापस मिलने के बाद Two-Step Verification ऑन करें, अपने संपर्कों को तुरंत अलर्ट करें और अगर पैसों की ठगी हो गई है तो तुरंत 1930 पर कॉल कर तुरंत शिकायत करें.