झुंझुनू में EVM में खराबी से कुछ वक्त धीमी हुई रफ्तार, लंबी कतारों के बीच वोटिंग का इंतजार
झुंझुनू के पोसाना, मझाऊ और बामलास के बूथों पर जब ईवीएम में खराबी आ गयी और बूथ पर लंबी लाइन लग गयी तो मतदान दल ने एक ट्रिक अपनााई जो है बजाओ और चलाओ, इस ट्रिक से मतदान धीरे धीरे कराया गया.
झुंझुनूं जिले की गुढ़ागौड़जी पंचायत समिति क्षेत्र में तीसरे चरण के मतदान के दौरान ईवीएम मशीनों में खराबी आने से कई स्थानों पर मतदान प्रभावित हुआ. पोसाना, मझाऊ और बामलास गांवों के मतदान केंद्रों पर मशीनों में तकनीकी खराबी सामने आई. ऐसे में एक ट्रिक चलाई गयी वो थी- "बजाओ और चलाओ''
ईवीएम में खराबी के चलते दो घंटे तक वोटिंग बाधित
मझाऊ और बामलास के एक-एक बूथ पर ईवीएम खराब होने से करीब एक घंटे तक मतदान रुका रहा. बाद में मशीनें बदली गईं, जिसके बाद मतदान दोबारा शुरू हो सका. वहीं पोसाना में स्थिति ज्यादा गंभीर बताई जा रही है. यहां ईवीएम में खराबी के कारण करीब दो घंटे तक मतदान बाधित रहा. इसके बाद दूसरी मशीन लगाई गई, लेकिन उसमें भी परेशानी आने की बात सामने आई. इसके चलते मतदान बेहद धीमी गति से चल रहा है और मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं.
निर्दलीय प्रत्याशी सोनू कुमारी ने आरोप लगाया कि पोसाना बूथ पर दूसरी मशीन भी ठीक से काम नहीं कर रही है. उनके मुताबिक मतदान दल पहले वोट डलवा रहा है और इसके बाद मशीन के बटन को हाथ से धपकी मारकर चलाने की कोशिश कर रहा है. मशीन के बटन को इस तरह ठीक करने के बाद फिर मतदान करवाया जा रहा है. सोनू कुमारी ने बताया कि बूथ पर काफी लंबी लाइन लगी हुई है और मतदान बेहद धीमी गति से हो रहा है. उन्होंने पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे ''बजाओ और चलाओ'' जैसी स्थिति बताया. ईवीएम की बार-बार खराबी और मतदान की धीमी रफ्तार के चलते मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
आपको बता दें कि राजस्थान के 27 जिलों में 3 नवंबर को पंचायत चुनाव के तीसरे चरण का मतदान जारी है. 8,166 उम्मीदवारों के लिए 1.06 करोड़ से अधिक मतदाता वोट डाल रहे हैं. मतदान के लिए 11,869 केंद्र बनाए गए हैं. वहीं झुंझुनूं में चार पंचायत समितियों के अंतर्गत आने वाली 107 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच के चुनाव की प्रक्रिया भी इसी चरण में पूरी हो रही है. सरपंच और 1197 वार्ड पंच पदों के लिए 4 नवंबर को नामांकन भरे जाएंगे और फिर 5 नवंबर को मतदान होगा. इसके बाद 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव कराया जाएगा. इसके साथ ही ग्राम पंचायतों की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो पाएगी.
ये भी पढ़ें : पंचायत राज चुनाव-2026: सुबह 10 बजे तक सांगानेर में 19.57% मतदान, माधोराजपुरा में 18.99 फीसदी वोटिंग