SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राय माता धाम जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप पलटने से मची चीख-पुकार, महिला-बच्चों समेत 25 श्रद्धालु घायल

झुंझुनूं के निराधनू गांव में राय माता धाम जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलट गई. हादसे में महिला, पुरुष और बच्चों समेत करीब 25 लोग घायल हुए. स्थानीय युवकों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर किया गया.

Written By Ansh Raj
Published: Oct 21, 2026, 08:12 AM IST | Updated: Oct 21, 2026, 08:14 AM IST
Image Credit: Jhunjhunu Accident
Join

झुंझुनूं जिले के निराधनू गांव में मंगलवार दोपहर राय माता धाम में दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसा धर्मा होटल के पास मोड़ पर हुआ. दुर्घटना में महिला, पुरुष और बच्चों सहित करीब 25 श्रद्धालु घायल हो गए. पांच गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए चूरू रेफर किया गया है.

सामने से वाहन आने पर बिगड़ा संतुलन
प्रत्यक्षदर्शी धर्मवीर सिंह के अनुसार, निराधनू में पावर हाउस के पास मोड़ पर सामने से एक वाहन आ गया. उसे साइड देने के दौरान पिकअप चालक संतुलन खो बैठा और गाड़ी सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. पिकअप में करीब 20 से 25 लोग सवार थे.

स्थानीय युवकों ने निजी वाहनों से पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद आसपास के लोग और राहगीर घायलों की मदद के लिए पहुंचे. निराधनू निवासी धर्मवीर सिंह के साथ सुनील मीणा, महेंद्र मीणा, कृष्ण कुमावत, नरेश और मुकेश चारण ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की. युवकों ने निजी वाहनों से करीब 14 से 15 घायलों को बिसाऊ के जटिया अस्पताल पहुंचाया. अन्य घायलों को मलसीसर, झुंझुनूं और चूरू के अस्पतालों में ले जाया गया. सूचना मिलने पर बिसाऊ पुलिस भी मौके पर पहुंची और राहत कार्य में जुट गई.

पांच गंभीर घायलों को चूरू किया रेफर
बिसाऊ के जटिया अस्पताल में डॉ. दीपक गर्ग सहित चिकित्सा टीम ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया. डॉ. गर्ग के अनुसार, अस्पताल में करीब 14 से 15 घायल पहुंचे थे. कुछ घायलों की हालत गंभीर थी, जबकि अन्य के हाथ-पैर और कमर में चोटें आई थीं. फ्रैक्चर की आशंका के चलते बेहतर उपचार के लिए घायलों को चूरू रेफर किया गया. चिकित्सक के अनुसार, पांच घायल गंभीर थे.

पुलिस टीम भी राहत कार्य में जुटी
हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिसकर्मियों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया. पुलिस थाने के एसआई सुभाष चंद्र सहित रामसिंह, श्रवण कुमार, मुकेश कुमार और महेंद्र सिंह मौके पर राहत कार्य में जुटे रहे. दुर्घटना में घायल श्रद्धालुओं को अस्पताल पहुंचाने और उपचार उपलब्ध कराने में स्थानीय युवकों की भूमिका अहम रही.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES