)
झालावाड़ जिला अस्पताल के सरकारी ब्लड बैंक में इन दिनों रक्त का संकट गहराता नजर आ रहा है. ब्लड बैंक में कई ब्लड ग्रुप का स्टॉक खत्म होने से जरूरतमंद मरीजों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है. जिला मुख्यालय पर प्रतिदिन करीब 40 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, जबकि ब्लड बैंक में फिलहाल महज 97 यूनिट रक्त ही उपलब्ध है, जिससे अगले 2 दिन की भी पूर्ति नहीं हो पाएगी.
ऐसे संकट के समय में झालावाड़ पुलिस के जवान मसीहा बनकर सामने आए हैं. एसपी अमित बुडानिया के निर्देश पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी जिला अस्पताल पहुंचे और स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की. पुलिस जवानों के इस प्रयास से गर्भवती महिलाओं, थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और गंभीर मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
ब्लड बैंक में रोजाना 40 यूनिट रक्त की खपत
दरअसल, जिला अस्पताल के सरकारी ब्लड बैंक में रक्त की कमी के चलते मरीजों और उनके परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. प्रतिदिन करीब 40 यूनिट रक्त की खपत होती है. गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी, थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के नियमित उपचार और सड़क दुर्घटनाओं सहित अन्य ट्रॉमा मामलों में रक्त की तत्काल आवश्यकता पड़ती है. ऐसे में ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध होना बेहद जरूरी है.
SP अमित बुडानिया की अपील पर रक्तदान करने पहुंचे पुलिस जवान
रक्त की इसी कमी को देखते हुए झालावाड़ पुलिस अधीक्षक अमित बुडानिया ने मानवीय संवेदना देखते हुए पुलिस जवानों से रक्तदान की अपील की. एसपी के निर्देश पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी जिला अस्पताल के ब्लड बैंक पहुंचे और स्वेच्छा से रक्तदान किया. पुलिस जवानों का कहना है कि रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाई जा सकती है और इससे बड़ा कोई सेवा कार्य नहीं है.
थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिलेगी राहत
पुलिस जवानों के इस मानवीय प्रयास से उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अपने मरीजों के लिए रक्त की जरूरत पड़ती है. खासकर थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों और प्रसूताओं के लिए यह पहल बेहद मददगार साबित होगी.
ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बनाए रखने के लिए आमजन से अपील
गौरतलब है कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है और किसी का दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है. ऐसे में पुलिस जवानों ने तो अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रक्तदान की पहल की है, लेकिन ब्लड बैंक में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के लिए आमजन की भागीदारी भी बेहद जरूरी है. जरूरत है कि अधिक से अधिक लोग आगे आएं और स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता के इस अभियान में अपना योगदान दें.
Report- Mahesh Parihar