जैसलमेर में खाद की दुकानों पर 7 दिन में जांच: 'राजएग्री क्यूसी' ऐप से होगी स्टॉक की चेकिंग, नियम तोड़े तो होगी कार्रवाई
जैसलमेर में रबी सीजन से पहले किसानों को यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है. इसके तहत जिले की खाद, बीज और कीटनाशक दुकानों का सात दिन में औचक निरीक्षण कर स्टॉक, लाइसेंस और खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा. जांच के लिए 'राजएग्री क्यूसी' मोबाइल ऐप का इस्तेमाल होगा. विभाग ने कालाबाजारी, निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलने और खाद के साथ जबरन दूसरे उत्पाद बेचने (टैगिंग) पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. विभाग के अनुसार, जिले में रबी सीजन के लिए खाद का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.
Jaisalmer News: रबी सीजन की बुआई से पहले किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कृषि विभाग अलर्ट मोड पर है. जैसलमेर जिले में खाद, बीज और कीटनाशक की दुकानों की डिजिटल मॉनिटरिंग के साथ औचक निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है. इसके तहत सभी दुकानों का फिजिकल वैरिफिकेशन कर स्टॉक का मिलान किया जाएगा. कृषि निरीक्षकों को सात दिन के भीतर अपने-अपने क्षेत्र की सभी दुकानों की जांच पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं.
जांच के लिए 'राजएग्री क्यूसी' मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा रहा है. इसके माध्यम से दुकानदारों के लाइसेंस, उपलब्ध स्टॉक और अन्य जरूरी रिकॉर्ड की जांच की जाएगी. अभियान का उद्देश्य खाद की आपूर्ति व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना और किसानों को निर्धारित दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराना है.
यह भी पढ़ेंः बीसलपुर के पानी पर बड़ा खुलासा: 3 में से 2 सैंपल में एल्युमिनियम ज्यादा, 4 जिलों के लोगों की सेहत पर बढ़ी चिंता
कालाबाजारी और जबरन टैगिंग पर सख्ती
संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार), जिला परिषद जैसलमेर महावीर प्रसाद छींपा ने बताया कि विशेष जांच अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद की कालाबाजारी पर अंकुश लगाना और किसानों को सरकार की ओर से निर्धारित उचित दरों पर खाद उपलब्ध कराना है. खाद के साथ जबरन दूसरे गैर-जरूरी उत्पाद बेचने यानी टैगिंग जैसी अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए भी सख्ती बरती जाएगी.
ऐप से होगी दुकानों की डिजिटल मॉनिटरिंग
अभियान के तहत जांच अधिकारी मौके पर पहुंचकर 'राजएग्री क्यूसी' ऐप में डीलर का लाइसेंस नंबर दर्ज करेंगे. इससे संबंधित दुकानदार की डिजिटल प्रोफाइल के आधार पर जांच की जा सकेगी. दुकानदारों के लिए स्टॉक रजिस्टर, खरीद-बिक्री के पक्के बिल और रेट लिस्ट अपडेट रखना जरूरी होगा. निरीक्षण के दौरान उपलब्ध स्टॉक और रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की अनियमितता सामने आने पर कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़ेंः किसान ध्यान दें: 1 नवंबर से मूंग और मूंगफली की MSP खरीद शुरू, अब घर बैठे ट्रैक होगी आपकी पेमेंट
जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक होने का दावा
महावीर प्रसाद छींपा ने बताया कि जैसलमेर जिले की सभी तहसीलों में निजी डीलरों और सहकारी समितियों के पास रबी सीजन के लिए यूरिया, डीएपी और अन्य जरूरी उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है. विभाग की कोशिश है कि बुआई के दौरान किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना नहीं करना पड़े और आपूर्ति व्यवस्था सुचारु बनी रहे.
नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच अभियान में सहयोग नहीं करने या नियमों के विरुद्ध काम करने वाले दुकानदारों और वितरकों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने किसानों से भी अपील की है कि वे खाद निर्धारित दरों पर ही खरीदें, खरीद का पक्का बिल लें और कालाबाजारी, अधिक कीमत वसूलने या जबरन टैगिंग जैसी किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत कृषि विभाग को दें.
Report- Shankar Dan