SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

Jaisalmer News: सभापति बनते ही विजय डांगरा ने लिया मां का आशीर्वाद, छलक पड़े खुशी के आंसू

जैसलमेर नगर परिषद के नवनिर्वाचित सभापति विजय डांगरा ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया. पदभार संभालने के बाद उन्होंने अपनी मां के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, इस दौरान मां की आंखों में खुशी के आंसू छलक उठे. डांगरा ने शहर की मूलभूत सुविधाओं, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और पर्यटन विकास को प्राथमिकता देने की बात कही.

Written By Sneha Aggarwal
Published: Sep 24, 2026, 04:03 PM IST | Updated: Sep 24, 2026, 04:06 PM IST
Image Credit: सभापति बनते ही छलक पड़े खुशी के आंसू
Join

Jaisalmer News: नगर परिषद जैसलमेर के नवनिर्वाचित सभापति विजय डांगरा ने गुरुवार को विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया.  नगर परिषद परिसर में आयोजित पदभार ग्रहण समारोह से पहले गणेश प्रतिमा का पूजन किया गया. पंडित आनंद ओझा ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना संपन्न करवाई.

मां का आशीर्वाद लेते हुए छलक पड़े खुशी के आंसू
इसके बाद नगर परिषद आयुक्त पवन कुमार ने नवनिर्वाचित सभापति विजय डांगरा को पदभार ग्रहण करवाया. पदभार ग्रहण समारोह के दौरान एक भावुक दृश्य भी देखने को मिला. पदभार संभालने के बाद विजय डांगरा ने अपनी मां के चरण स्पर्श किए. इस दौरान मां का आशीर्वाद लेते हुए उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक उठे. समारोह में मौजूद लोगों के लिए यह पल भावुक करने वाला रहा.

समारोह में ये प्रमुख लोग रहे मौजूद
इस दौरन कार्यक्रम में विधायक छोटूसिंह भाटी, जिला कलेक्टर अनुपमा जोरवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष दलपत हिंगड़ा, पूर्व सभापति हरिवल्लभ कल्ला, अशोक तंवर, नगर अध्यक्ष अरुण पुरोहित सहित समस्त नवनिर्वाचित पार्षद और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे.

जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना प्राथमिकता
पदभार ग्रहण करने के बाद सभापति विजय डांगरा ने कहा कि जैसलमेर की जनता ने उन्हें जो प्यार, विश्वास और सहयोग दिया है, उसके लिए वे आभारी हैं. उन्होंने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी. शहर की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ पर्यावरण संरक्षण और शहर के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

पर्यटन नगरी की सुविधाओं पर रहेगा फोकस
जैसलमेर एक विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी है और शहर का विकास इस तरह किया जाएगा कि यहां आने वाला प्रत्येक पर्यटक अपने साथ जैसलमेर की सुखद और यादगार छवि लेकर लौटे. उन्होंने कहा कि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शहर की स्वच्छता, सुंदरता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष फोकस रहेगा.

ऑनलाइन होगी नगर परिषद की कार्यप्रणाली 
सभापति ने नगर परिषद की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और सुगमता लाने के लिए ऑनलाइन व्यवस्था लागू करने की बात भी कही. उन्होंने बताया कि ऑनलाइन कार्यप्रणाली के माध्यम से शहरवासी अपनी समस्याएं आसानी से दर्ज करा सकेंगे और संबंधित अधिकारियों तक सीधे अपनी शिकायत पहुंचा सकेंगे. इससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुगम बनाने की कोशिश की जाएगी.

BJP बोर्ड को लेकर विधायक ने जताया भरोसा 
वहीं, विधायक छोटूसिंह भाटी ने कहा कि जैसलमेर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के बोर्ड पर जो विश्वास जताया है, उसके लिए वे शहरवासियों के आभारी हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार के बाद नगर परिषद में विकास का तीसरा इंजन भी जुड़ गया है और यह बोर्ड जन-आकांक्षाओं के अनुरूप पूरी निष्ठा के साथ काम करेगा.  

स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से बढ़ेगा पर्यटन
भाटी ने कहा कि जैसलमेर की पहचान पूरी दुनिया में है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचते हैं. ऐसे में शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना नगर परिषद की प्राथमिक जिम्मेदारी है. शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में जैसलमेर के विकास के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी.  

सड़क, पानी और बिजली को मिलेगी प्राथमिकता
सड़क, पेयजल और विद्युत जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत किया जाएगा. साथ ही उन्होंने कहा कि नगर परिषद बिना किसी राजनीतिक या दलीय भेदभाव के निष्पक्ष रूप से काम करेगी. सभी पार्षदों का सम्मान करते हुए प्रत्येक वार्ड का समान विकास सुनिश्चित करने की कोशिश की जाएगी. शहर के बुजुर्गों, प्रबुद्धजनों और आम नागरिकों के सुझावों को भी विकास योजनाओं में शामिल किया जाएगा, ताकि जैसलमेर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाया जा सके.   
 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

मैं स्नेहा अग्रवाल जी राजस्थान न्यूज में सब एडिटर के रूप में कार्यरत हूं और राजस्थान से जुड़ी हर बड़ी से बड़ी और छोटी से छोटी न्यूज़ पर पकड़ रखती हूं. क्राइम और कल्चर की खबरों में दिलचस्पी है. मुझे डिजिटल मीडिया का करीब 4 साल का साल का अनुभव है. इससे पहले मैं ZeeBihar में अपनी सेवाएं दे चुकी हूं. 4 साल के जर्नलिज्म करियर में लोकल, क्राइम, हेल्थ, एंटरटेनमेंट, वायरल और लाइफस्टाइल बीट पर काम किया है. मैंने यहां पर राजस्थान विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव, ऑपेरशन सिंदूर समेत कई बड़े ईवेंट्स कवर किए हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES