SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

45.33 लाख वोटर्स, 98 हजार नए चेहरे: जयपुर की ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, जानें किस सीट पर किसका पलड़ा भारी!

जयपुर जिले में मतदाताओं की नई तस्वीर सामने आ गई है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है. जिले में अब 45 लाख 33 हजार 470 मतदाता दर्ज हैं. इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से करीब एक लाख 68 हजार अधिक है. सबसे ज्यादा 4 लाख 21 हजार मतदाता झोटवाड़ा में हैं, जबकि सबसे कम एक लाख 77 हजार मतदाता किशनपोल विधानसभा क्षेत्र में हैं. एसआईआर के बाद मतदाताओं की संख्या में करीब 98 हजार की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है. अब 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, हटवाने और संशोधन के लिए दावे-आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. 4 जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी.

Reported By Deepak Goyal
Published: Nov 13, 2026, 09:44 AM IST | Updated: Nov 13, 2026, 09:56 AM IST
Image Credit: SSR 2027 Jaipur
Join

जयपुर जिले की 17 विधानसभा सीटों की मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन कर दिया हैं. जिले में कुल 45 लाख 33 हजार 470 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 23 लाख 50 हजार 709 पुरुष, 21 लाख 82 हजार 680 महिला और 81 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रों के आंकड़ों का विश्लेषण करने पर मतदाताओं की संख्या में बड़ा अंतर सामने आया है. सबसे ज्यादा 4 लाख 21 हजार 209 मतदाता झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में हैं, जबकि सबसे कम 1 लाख 77 हजार 319 मतदाता किशनपोल में हैं. यानी दोनों विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता संख्या में 2 लाख 43 हजार 890 का अंतर है. मतदाता सूची में पुरुषों की हिस्सेदारी करीब 51.86 प्रतिशत और महिलाओं की 48.15 प्रतिशत है. 

जिले में महिला मतदाताओं की तुलना में पुरुष मतदाता 1 लाख 68 हजार 29 अधिक हैं. प्रति एक हजार पुरुष मतदाताओं पर करीब 929 महिला मतदाता हैं. खास बात ये है कि जिले की सभी 17 विधानसभा सीटों पर पुरुष मतदाताओं की संख्या महिलाओं से अधिक है. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने बताया की विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत 12 नवंबर से 11 दिसंबर तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आवेदन किए जा सकेंगे. दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर तक होगा। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी. जयपुर जिले में एसआईआर के बाद जिले में 44 लाख 35 हजार 111 मतदाता थे. अब मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में ये संख्या बढ़कर 45 लाख 33 हजार 470 हो गई है. 

SIR के बाद मतदाताओं की संख्या में करीब 98 हजार की शुद्ध बढ़ोतरी हुई है. जयपुर जिले की चार विधानसभा सीटें ऐसी हैं, जहां मतदाताओं की संख्या तीन लाख से अधिक है. इनमें झोटवाड़ा, बगरू, सांगानेर और विद्याधर नगर शामिल हैं। इन चारों सीटों पर कुल 14 लाख 33 हजार 976 मतदाता हैं. यानी जिले के कुल मतदाताओं का करीब 31.63 प्रतिशत हिस्सा इन्हीं चार सीटों पर है. दूसरी ओर किशनपोल और मालवीय नगर ऐसी दो विधानसभा सीटें हैं, जहां मतदाताओं की संख्या दो लाख से कम है। जिले की 17 विधानसभा सीटों में कुल 81 थर्ड जेंडर मतदाता पंजीकृत हैं.

  1. एक जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं.
  2. इसके अलावा एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर 2027 को 18 वर्ष पूरे करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन कर सकेंगे.
  3. पात्रता की निर्धारित तारीख पूरी होने पर उनका नाम जोड़ा जाएगा.
  4. नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6, प्रवासी भारतीयों के लिए फॉर्म-6ए, नाम हटवाने या आपत्ति के लिए फॉर्म-7 और पता बदलने या प्रविष्टियों में सुधार के लिए फॉर्म-8 भरना होगा.
  5. आवेदन संबंधित बीएलओ, निर्वाचन कार्यालय या [भारत निर्वाचन आयोग के वोटर पोर्टल] ( (https://voters.eci.gov.in) और ECINET ऐप के माध्यम से किया जा सकता है.

बहरहाल, जयपुर की नई वोटर लिस्ट ने सिर्फ मतदाताओं की संख्या ही नहीं, बल्कि विधानसभा क्षेत्रों के बीच बड़ा अंतर भी उजागर किया है.  कहीं चार लाख से ज्यादा मतदाता हैं, तो कहीं दो लाख भी नहीं. वहीं सभी 17 विधानसभा सीटों पर महिला मतदाता पुरुषों से पीछे हैं. हालांकि यह तस्वीर अभी अंतिम नहीं है. 11 दिसंबर तक नए नाम जुड़ेंगे, संशोधन होंगे और आपत्तियां भी आएंगी. ऐसे में 4 जनवरी को जारी होने वाली अंतिम सूची तय करेगी कि जयपुर का वोटर गणित कितना बदला, क्योंकि लोकतंत्र में हर वोट की अहमियत बराबर है, भले ही विधानसभा क्षेत्रों में वोटरों की संख्या अलग-अलग हो.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES