SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

BSc नर्सिंग पास युवक बना लुटेरा, जयपुर में चाकू दिखाकर लूटे 37 लाख के गहने

जयपुर के वैशाली नगर में सीरियस ज्वेलर्स शोरूम से 37 लाख रुपये के गहने लूटने वाले आरोपी दिग्विजय सिंह (32) को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार किया है. आरोपी BSc नर्सिंग कर चुका है और कॉर्पोरेट कंपनी में काम भी कर चुका है. पुलिस के मुताबिक, उस पर 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन, 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन और दोस्तों का कर्ज था.

Written By Vishnu Prakash Sharma
Published: Nov 12, 2026, 06:47 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 06:56 PM IST
Image Credit: 30 लाख एजुकेशन लोन, 15 लाख पर्सनल लोन
Join

जयपुर के वैशाली नगर में दिनदहाड़े ज्वेलरी शोरूम में चाकू की नोक पर 37 लाख रुपये के गहने लूटने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. हैरानी की बात यह है कि गिरफ्तार आरोपी दिग्विजय सिंह (32) पढ़ा-लिखा है. उसने BSc नर्सिंग की है और कॉर्पोरेट कंपनी में काम भी कर चुका है.

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर करीब 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन और 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन बकाया था. दोस्तों से भी उधार ले रखा था. पिछले छह महीने से बेरोजगार चल रहा था. कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपी शोरूम में घुसकर महिला कर्मचारी और सिक्योरिटी गार्ड को चाकू डराकर 7 गले के हार और 31 अंगूठियां बैग में भरकर फरार हो गया था. पुलिस ने 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसे दिल्ली से डिटेन कर गिरफ्तार किया.

यह भी पढ़ेंः 7 साल से 'खून का घूंट' पीकर बैठा था बेटा, पिता की हत्या का बदला लेने के लिए विजय बाजिया को उतारा मौत के घाट

वैशाली नगर स्थित सीरियस ज्वैलर्स में 10 नवंबर की सुबह करीब 10:30 बजे लूट की वारदात हुई थी. शोरूम की ज्वेलरी कंसल्टेंट अंजली कायथ और सिक्योरिटी गार्ड महावीर प्रसाद गुप्ता वहां मौजूद थे. अंजली मैनेजर रोहित जांगिड़ से फोन पर स्टॉक रिपोर्ट को लेकर बात कर रही थीं. इसी दौरान चेहरे पर मास्क और सिर पर पीली टोपी पहने एक युवक काला बैग लेकर शोरूम में दाखिल हुआ. उसने अचानक बैग से चाकू निकाला और महिला कर्मचारी को धमकाने लगा. महिला ने सिक्योरिटी गार्ड को आवाज लगाई तो आरोपी ने गार्ड को पकड़कर रोक दिया. इसके बाद महिला कर्मचारी को चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और शोरूम में रखे सोने व हीरे के आभूषण बैग में भर लिए.  वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.

7 हार और 31 अंगूठियां लूटकर ले गया
आरोपी के फरार होने के बाद शोरूम स्टाफ और मालिक ने स्टॉक चेक किया तो 7 गले के हार और 31 हाथ की अंगूठियां गायब मिलीं. इनकी कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई गई. पूरी वारदात शोरूम में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी.

300 से ज्यादा CCTV कैमरों से मिला सुराग
डीसीपी जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण के निर्देशन में पुलिस ने विशेष टीम गठित की. टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के 300 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान दिग्विजय सिंह के रूप में हुई. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी लूटे गए माल को बेचने की फिराक में दिल्ली गया हुआ है. इसके बाद पुलिस टीम ने उसे डिटेन किया. पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया.

यह भी पढ़ेंः जयपुर में 5 मिनट का खूनी खेल: फॉर्च्यूनर को टक्कर मारकर रोका, फिर कुल्हाड़ी से काट डाला हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया!

विदेश में पढ़ाई के लिए लिया था 30 लाख का लोन
पुलिस पूछताछ में आरोपी की आर्थिक स्थिति और कर्ज का खुलासा हुआ. आरोपी ने विदेश में आगे की पढ़ाई के लिए करीब 30 लाख रुपये का एजुकेशन लोन ले रखा था. इसके अलावा करीब 15 लाख रुपये का पर्सनल लोन और दोस्तों से भी उधार ले रखा था. आरोपी पहले OYO कंपनी के लिए कॉन्ट्रैक्ट बेस पर प्रॉपर्टी सर्च का काम करता था, लेकिन पिछले करीब छह महीने से बेरोजगार था. पुलिस के मुताबिक, कर्ज चुकाने के दबाव में उसने लूट की वारदात को अंजाम दिया. आरोपी शादीशुदा है और उसका चार साल का बेटा है. उसका पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है.

अभी तक बरामद नहीं हुई लूटी गई ज्वेलरी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन लूटी गई करीब 37 लाख रुपये की ज्वेलरी की बरामदगी अभी बाकी है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और लूटे गए आभूषणों के बारे में जानकारी जुटा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES