App

Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी पर जयपुर में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, कई रास्तों पर डायवर्जन

Jaipur Traffic Plan: गणेश चतुर्थी पर 14 सितंबर को जयपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा. मोती डूंगरी गणेश मंदिर सहित विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर डायवर्जन, नो-व्हीकल जोन और नो-पार्किंग व्यवस्था की है. श्रद्धालुओं के लिए 15 जगह पार्किंग की व्यवस्था की गई है. पार्किंग से मंदिर तक JCTSL बस और निःशुल्क ई-रिक्शा की सुविधा मिलेगी.

Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी पर जयपुर में बदलेगा ट्रैफिक प्लान, कई रास्तों पर डायवर्जन
Image Credit: Jaipur Traffic Plan

Ganesh Chaturthi: गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर को राजधानी जयपुर में यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा. मोती डूंगरी गणेश मंदिर सहित शहर के विभिन्न गणेश मंदिरों में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं. कई मार्गों पर डायवर्जन के साथ नो-व्हीकल जोन और नो-पार्किंग व्यवस्था लागू रहेगी.


मोती डूंगरी मंदिर के लिए QR कोड जारी
मोती डूंगरी गणेश मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस की ओर से QR कोड जारी किया गया है. इसे स्कैन कर पार्किंग की उपलब्धता और यातायात की स्थिति की जानकारी ली जा सकेगी. मंदिर के आसपास सीमित पार्किंग को देखते हुए आमजन से रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग और राजस्थान यूनिवर्सिटी की पार्किंग का अधिकतम उपयोग करने की अपील की गई है.


इन जगहों पर रहेगा नो-व्हीकल जोन
त्रिमूर्ति सर्किल से JDA चौराहा, RBI तिराहे से गणेश मंदिर के बीच रतनेशाही रोड और धर्मसिंह सर्किल से गणेश मंदिर तक नो-व्हीकल जोन रहेगा. यातायात के दबाव के अनुसार कई अन्य मार्गों पर भी डायवर्जन किया जाएगा. शांति पथ, मालवीय नगर पुलिया, गोपालपुरा पुलिया, रामबाग चौराहा और RBI तिराहे की ओर से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं.


15 जगह पार्किंग की व्यवस्था
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए 15 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है. इनमें सुबोध कॉलेज, सुबोध स्कूल, राजस्थान यूनिवर्सिटी परिसर, सेंट्रल लाइब्रेरी, समाज विज्ञान विभाग, पटेल रोड, प्रशासनिक भवन और रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग शामिल हैं. रामनिवास बाग भूमिगत पार्किंग में करीब 1500 चार पहिया और 1000 दोपहिया वाहनों की क्षमता निर्धारित की गई है.


प्रमुख मार्गों पर नो-पार्किंग
आरोग्य पथ से गांधी सर्किल, पृथ्वीराज टी-पॉइंट से रामबाग चौराहा, त्रिमूर्ति सर्किल से राजा पार्क चौराहा, रामबाग चौराहा से JDA चौराहा और JDA चौराहा से तुलसी सर्किल तक नो-पार्किंग व्यवस्था रहेगी.


पार्किंग से मंदिर तक बस और ई-रिक्शा
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थलों से गणेश मंदिर तक JCTSL की बस सेवा उपलब्ध रहेगी. इसके अलावा मंदिर प्रशासन की ओर से पार्किंग स्थलों से मंदिर तक आने-जाने के लिए निःशुल्क ई-रिक्शा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी.


JLN मार्ग पर दबाव को देखते हुए सलाह
JLN मार्ग पर श्रद्धालुओं के अधिक दबाव की संभावना को देखते हुए मानसरोवर, सांगानेर और जगतपुरा क्षेत्र से आने वाले वाहन चालकों को अधिक से अधिक टोंक रोड का उपयोग करने की सलाह दी गई है. अत्यावश्यक सेवाओं के वाहनों का संचालन निर्बाध रहेगा. ट्रैफिक पुलिस ने आमजन से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee Rajasthan में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. राजस्थान की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की फिराक में रहते हैं. ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विधानसभा चुनावों और प्रदेश के दिग्गज नेताओं के हर बड़े बयान तक, अंश राज खबरों की नब्ज पर नजर रखते हैं. हेडलाइन से खेलना, खबर की काट-छांट करना और किसी भी स्टोरी को ज्यादा प्रभावी और रोचक अंदाज में पेश करना उनकी खासियत है. खबर को सिर्फ लिखना नहीं, बल्कि उसे बेहतर तरीके से पैकेज कर दर्शकों तक पहुंचाना उनके काम का अहम हिस्सा है.  डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज इससे पहले Zee Uttar Pradesh/Uttarakhand और Zee Bharat के साथ काम कर चुके हैं. उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना और उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना... यही अंश राज की पहचान है.
Read More