App

कर्जा करने के बाद भी मौज-मस्ती में आ रही थी कमी: मास्टरमाइंड कैब ड्राइवर ने बैंककर्मियों से लूट लिए 41.70 लाख

Jaipur Robbery: जयपुर के रामनगरिया इलाके में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपये की लूट के मामले में पुलिस फरार तीन कैब ड्राइवरों की तलाश कर रही है. मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा की गर्लफ्रेंड अंशु कुमारी जाटव को 26.80 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस CCTV फुटेज खंगालने के साथ करौली-धौलपुर के डांग इलाकों में दबिश दे रही है.

कर्जा करने के बाद भी मौज-मस्ती में आ रही थी कमी: मास्टरमाइंड कैब ड्राइवर ने बैंककर्मियों से लूट लिए 41.70 लाख
Image Credit: Rajasthan Crime

Jaipur Crime News:  जयपुर के रामनगरिया थाना क्षेत्र में बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपये की लूट के मामले में फरार तीन आरोपियों का अभी तक सुराग नहीं लगा है. पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल तीनों आरोपी जयपुर में ओला-उबर कंपनियों के लिए कैब चलाते हैं. पुलिस मुख्य आरोपी मस्तराम मीणा और उसके दो साथियों की तलाश में जुटी है. वहीं, गिरफ्तार आरोपी की गर्लफ्रेंड से पूछताछ कर लूट की पूरी साजिश का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है.

गर्लफ्रेंड से करवाई ATM बूथ की रेकी

14 सितंबर को अक्षय पात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM से कैश लेकर जा रहे कर्मचारियों को बदमाशों ने निशाना बनाया था. पुलिस जांच के मुताबिक, मस्तराम मीणा ने अपनी गर्लफ्रेंड अंशु कुमारी जाटव से ATM बूथ की रेकी करवाई थी. अंशु को 26.80 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस के अनुसार, अंशु की मस्तराम से करीब 6-7 महीने पहले दोस्ती हुई थी. पिछले डेढ़ महीने से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे. अंशु रामनगरिया क्षेत्र में किराए के मकान में रहती थी और डी-मार्ट में नौकरी करती थी.

 

कर्जा चुकाने और मौज-मस्ती के लिए बनाई योजना

पूछताछ में सामने आया कि मस्तराम मीणा, पुष्पेंद्र मीणा उर्फ पुस्सी और सुमित जंगम पर कर्ज था. पुलिस के मुताबिक, तीनों ने पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए लूट की योजना बनाई. बैंक में काम करने वाले एक परिचित से ATM बूथ की कैश डिपोजिट मशीन के बारे में जानकारी जुटाई गई थी.

गणेश चतुर्थी के दिन अंशु को निगरानी के लिए भेजा गया. बैंक कर्मचारियों के कैश लेकर बाहर निकलते ही उसने आरोपियों को सूचना दी. इसके बाद तीनों बदमाश मौके पर पहुंचे और लूट की वारदात को अंजाम दिया.

 

CCTV से फरार आरोपियों की तलाश

वारदात के बाद तीनों आरोपी अपनी कारें छिपाकर फरार हो गए. पुलिस जांच में कारों के GPS सिस्टम बंद मिले हैं. CCTV फुटेज में कारों के जयपुर से बाहर जाने की पुष्टि नहीं हुई है. हालांकि, पुलिस को आशंका है कि आरोपी लूट की बाकी रकम लेकर शहर से बाहर निकल गए हैं.

पुलिस की टीमें करौली-धौलपुर के डांग इलाकों में दबिश दे रही हैं. इसके अलावा CCTV फुटेज और आरोपियों के हुलिए के आधार पर पूछताछ की जा रही है. लूट में इस्तेमाल अपाचे बाइक की भी तलाश जारी है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More