SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल पंपों से उड़ाते थे पेट्रोल: 20 से ज्यादा वारदातों का खुलासा, दो गिरफ्तार

जयपुर में पेट्रोल पंपों पर बिना पैसे दिए फरार होने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी रात के समय घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों से नंबर प्लेट चुराते थे और उन्हें दूसरी कारों पर लगाकर पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए भाग जाते थे.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Written By Aman Singh
Published: Nov 02, 2026, 07:56 PM IST | Updated: Nov 02, 2026, 08:02 PM IST
Image Credit: ZEE Media
Join

राजस्थान के जयपुर शहर में पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने वाले शातिर आरोपियों का पुलिस ने खुलासा किया है. घूमने और मौज-मस्ती के लिए पेट्रोल पंपों को निशाना बनाने वाले दो आरोपियों को डीएसटी पश्चिम और बिंदायका थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है.

आरोपियों ने जयपुर शहर में 20 से अधिक पेट्रोल पंपों पर वारदात करना स्वीकार किया है. आरोपियों का तरीका भी बेहद शातिर था. रात के अंधेरे में घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों से नंबर प्लेट चुराते थे. फिर अलग-अलग गाड़ियों पर फर्जी नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल पंप पहुंचते और टंकी फुल करवाने के बाद बिना रुपए दिए गाड़ी भगाकर ले जाते थे.

पेट्रोल भरवाया और बिना भुगतान किए फरार हुए आरोपी

पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि 28 अक्टूबर 2026 को राहुल शर्मा और बजरंग लाल जाट ने पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए भागने की घटनाओं की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी. रिपोर्ट के अनुसार, 23 अक्टूबर को सुबह करीब 5 बजकर 11 मिनट पर एक स्विफ्ट कार से पेट्रोल पंप पर टंकी फुल करवाई गई. कार पर फर्जी नंबर प्लेट RJ 14 CK 5455 लगी हुई थी. आरोपियों ने 4403 रुपए का पेट्रोल भरवाया और बिना भुगतान किए फरार हो गए.

यह भी पढ़ें- 8 माह की बच्ची की हत्या का आरोपी निकला पिता: बचने के लिए भाई के परिवार पर लगाया आरोप

इसके बाद 28 अक्टूबर को सुबह करीब 8 बजकर 25 मिनट पर सिरसी रोड स्थित मामा फिलिंग स्टेशन पर वारदात को अंजाम दिया गया. इस बार आरोपी वैगनआर कार लेकर पहुंचे. कार की टंकी फुल करवाई और 4070 रुपए का पेट्रोल भरवाकर बिना भुगतान किए भाग गए. इस वारदात में भी फर्जी नंबर प्लेट RJ 14 CK 5455 का इस्तेमाल किया गया था. बिंदायका थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. 

सीकर तक पहुंची पुलिस की तलाश

लगातार सामने आ रही घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम प्रशांत किरण ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की. पुलिस टीम ने जयपुर शहर और सीकर जिले के होटल, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, टोल टैक्स और पेट्रोल पंपों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले. जयपुर से बाहर जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी रखी गई. मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी सहायता से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की गई. इसी दौरान पुलिस को सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के अलखपुरा गोदरान में दो संदिग्ध व्यक्तियों के घूमने की सूचना मिली. टीम मौके पर पहुंची, तो दोनों संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया. पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया.

फर्जी नंबर प्लेट से करते थे वारदात

पुलिस के अनुसार, चोरी के आरोप में बालाजी धाम कनकपुरा रेलवे स्टेशन निवासी अंकित वर्मा और गणपति नगर रेलवे कॉलोनी निवासी विशाल मेहरा को गिरफ्तार किया गया है. पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर के मानसरोवर, सोढाला, रोड नंबर 14 सीकर रोड, निवारू, करधनी, बिंदायका, वैशाली नगर, करणी विहार और हरमाड़ा सहित कई इलाकों में पेट्रोल पंपों पर वारदात करना स्वीकार किया है.

यह भी पढ़ें- जोधपुर सेंट्रल जेल में बंद आसाराम की सेहत पर सवाल: सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अनदेखी का आरोप

वारदात के लिए आरोपी रात के समय घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों की नंबर प्लेट चोरी करते थे. इसके बाद अलग-अलग गाड़ियों पर चोरी की नंबर प्लेट लगाकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचते थे. पेट्रोल भरवाने के बाद बिना भुगतान किए मौके से फरार हो जाते थे. फर्जी नंबर प्लेट के इस्तेमाल से पुलिस को गाड़ी की पहचान करने में परेशानी होती थी. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे इन वारदातों को घूमने और मौज-मस्ती के लिए अंजाम देते थे. 

दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी

दोनों आरोपियों से प्रकरण में अग्रिम अनुसंधान किया जा रहा है. पुलिस अन्य वारदातों और संभावित सहयोगियों के संबंध में भी जांच कर रही है. कार्रवाई में बिंदायका थानाधिकारी अनिल जैमिनी RPS, डीएसटी जयपुर पश्चिम प्रभारी गणेश सैनी, उप निरीक्षक गोवर्धन सिंह, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार शर्मा सहित डीएसटी और थाना पुलिस के जवान शामिल रहे.

तकनीकी सहायता और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों तक पहुंचने में हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार शर्मा की विशेष भूमिका रही. पुलिस का कहना है कि पेट्रोल पंपों पर बिना भुगतान किए भागने की वारदातों को लेकर जांच जारी है. आरोपियों से अन्य घटनाओं और संभावित साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES