SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

ईवीएम के बाद अब बैलेट पेपर से चुनेंगे गांव की सरकार, जयपुर की 4 पंचायत समितियों में मतदान कल

जयपुर जिले की बस्सी, जमवारामगढ़, आंधी और तूंगा पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में 16 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान होगा. 446 बूथों पर 4,07,280 मतदाता वोट डालेंगे. सरपंच पद के लिए 1,250 प्रत्याशी मैदान में हैं. हर पंचायत में मुकाबला होगा.

Reported By Deepak Goyal Written By Ansh Raj
Published: Nov 15, 2026, 21:54 IST | Updated: Nov 15, 2026, 21:54 IST
Image Credit: Rajasthan Panchayat Chunav
Join

Rajasthan Panchayar Election: जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम से मतदान के बाद अब गांव की सरकार चुनने की बारी है. जयपुर जिले में सोमवार, 16 नवंबर को चार पंचायत समितियों की 140 ग्राम पंचायतों में सरपंच और 1332 वार्डों में वार्ड पंच के लिए मतदान होगा. इसके लिए 446 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 4 लाख 7 हजार 280 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. सरपंच की 140 सीटों के लिए 1250 प्रत्याशी मैदान में हैं. खास बात यह है कि किसी भी ग्राम पंचायत में सरपंच निर्विरोध नहीं चुना गया है. यानी सभी पंचायतों में चुनावी मुकाबला होगा.

सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान

पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के चौथे और अंतिम चरण में सोमवार को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. मतदान पूरा होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी. चारों पंचायत समितियों की सभी 140 ग्राम पंचायतों में मतदाता बैलेट पेपर के जरिए अपने सरपंच का चुनाव करेंगे. वहीं, 1332 वार्डों में वार्ड पंच के लिए भी वोट डाले जाएंगे.

56 पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला

सरपंच पद के लिए 140 में से 84 ग्राम पंचायतों में 2 से 9 प्रत्याशी मैदान में हैं. वहीं, 56 पंचायतों में 10 से 19 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. यानी करीब 40 प्रतिशत पंचायतों में सरपंच की कुर्सी के लिए कम से कम 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है. औसतन एक ग्राम पंचायत में करीब 9 उम्मीदवार मैदान में हैं. ऐसे में कई जगह वोटों का बंटवारा चुनाव के नतीजे को दिलचस्प बना सकता है.

बस्सी में सबसे ज्यादा 370 प्रत्याशी

चारों पंचायत समितियों में प्रत्याशियों की संख्या अलग-अलग है. बस्सी की 42 ग्राम पंचायतों में 370 उम्मीदवार मैदान में हैं. यहां 27 पंचायतों में 2 से 9 और 15 पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशी हैं.

जमवारामगढ़ की 42 पंचायतों में 360 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इनमें 28 पंचायतों में 2 से 9 और 14 पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशी हैं. आंधी की 32 पंचायतों में 290 उम्मीदवार मैदान में हैं. यहां 16-16 पंचायतों में 2 से 9 और 10 से 19 प्रत्याशी हैं. वहीं, तूंगा की 24 पंचायतों में 230 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. इनमें 13 पंचायतों में 2 से 9 और 11 में 10 से 19 प्रत्याशी हैं.

गांवों में सड़क, पानी और बिजली जैसे मुद्दे अहम

चुनाव के बीच गांवों में सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं चर्चा का केंद्र हैं. खराब सड़कें, पेयजल संकट, सफाई व्यवस्था और सरकारी योजनाओं का लाभ जैसे मुद्दे ग्रामीण मतदाताओं की प्राथमिकता में हैं. जिला प्रशासन के सामने 446 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान कराने की जिम्मेदारी होगी. बुजुर्ग, दिव्यांग और महिला मतदाताओं की सुविधा के साथ मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं पर भी नजर रहेगी.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES