)
बिहार की राजधानी पटना में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं. अब चोरों ने बिहार सरकार के मंत्री संजय टाइगर के निजी आवास को ही निशाना बना लिया है. शास्त्री नगर थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी स्थित मंत्री के दो मंजिला मकान में चोरी की बड़ी वारदात हुई है. बताया जा रहा है कि चोरों ने घर में घुसकर चार कमरों के ताले तोड़ दिए और अलमारियों में रखे सोने-चांदी के जेवरात, नकदी समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए.
जानकारी के अनुसार, छठ महापर्व के दौरान मंत्री संजय टाइगर का परिवार अपने निजी आवास से बाहर गया हुआ था. घर में किसी के मौजूद नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद चोरों ने इस मौके का फायदा उठाया. बताया जा रहा है कि चोर किसी तरह मकान के अंदर चले गए और एक-एक कर चार कमरों के ताले तोड़ दिए. चोरों ने अलमारियों में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान समेट लिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही शास्त्री नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरी से जुड़े अहम सुराग जुटाने का प्रयास किया. इसके साथ ही FSL की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए, ताकि चोरों तक पहुंचने में मदद मिल सके. पुलिस आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है.
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरों को मंत्री के घर के खाली होने की जानकारी कैसे मिली.
रिपोर्ट: जी मीडिया