)
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव-2026 के तीसरे चरण का मतदान संपन्न हो गया है. जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में कुल 72.85 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. मतदान के मामले में सांगानेर पंचायत समिति सबसे आगे रही. यहां 79.88 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. वहीं, कोटखावदा में सबसे कम 63.79 फीसदी मतदान हुआ. तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के कुल 264 प्रत्याशियों की किस्मत EVM में कैद हो गई है. अब 20 नवंबर को नतीजे सामने आएंगे.
जयपुर की पांच पंचायत समितियों में 2.73 लाख लोगों ने डाले वोट
जयपुर जिले में तीसरे चरण के तहत पांच पंचायत समितियों के 77 वार्डों में मतदान कराया गया. इसके साथ ही जिला परिषद के 11 वार्डों के लिए भी वोट डाले गए. जिले में कुल 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता थे. इनमें से 2 लाख 73 हजार 56 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. मतदान की प्रक्रिया सुबह 7 बजे शुरू हुई, जो शाम 6 बजे तक चली.
सांगानेर में सबसे ज्यादा, कोटखावदा में सबसे कम वोटिंग
जयपुर जिले की पांच पंचायत समितियों में मतदान प्रतिशत की बात करें तो सांगानेर 79.88 फीसदी वोटिंग के साथ पहले स्थान पर रहा. माधोराजपुरा में 75.88 फीसदी और चाकसू में 72.99 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. वहीं, फागी में 70.29 फीसदी मतदाताओं ने वोट डाले. कोटखावदा पंचायत समिति में सबसे कम 63.79 फीसदी मतदान हुआ.
भवानी निकेतन के स्ट्रॉन्ग रूम में रखी गईं EVM
मतदान समाप्त होने के बाद सभी EVM को कड़ी सुरक्षा के बीच जयपुर लाया गया. इन्हें भवानी निकेतन स्थित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जा रहा है. अब प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को नतीजों का इंतजार है. 20 नवंबर को मतगणना के साथ ही प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा.
प्रदेश में 68.39 फीसदी मतदान, नाहरपुरा सबसे आगे
तीसरे चरण में प्रदेश की 116 पंचायत समितियों में शाम 6 बजे तक कुल 68.39 फीसदी मतदान दर्ज किया गया. बांसवाड़ा की नाहरपुरा पंचायत समिति 82.71 फीसदी वोटिंग के साथ प्रदेश में सबसे आगे रही. बांसवाड़ा की गांगड़तलाई में 80.80 फीसदी, हनुमानगढ़ की भादरा में 80.25 फीसदी, प्रतापगढ़ की दलोट में 80.22 फीसदी और बांसवाड़ा की आनंदपुरी में 80.19 फीसदी मतदान हुआ.
वहीं, दौसा पंचायत समिति में सबसे कम 49.90 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई. बालोतरा की समदड़ी में 51.74 फीसदी, ब्यावर की जवाजा में 53.16 फीसदी और जैतारण में 54.40 फीसदी मतदान हुआ. जयपुर जिले में शाम 6 बजे तक मतदान का आंकड़ा 72.60 फीसदी था, जो अंतिम आंकड़ों में बढ़कर 72.85 फीसदी हो गया.