)
Jaipur News: राजस्थान के जयपुर बजाज नगर इलाके की एक होटल में युवक की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर परिजनों और वकीलों ने टोंक रोड़ जाम किया. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया. हालांकि इस दौरान सड़क पर वाहनों में फंसे लोगों को खासी परेशानी हुई.
ब्लू साइन होटल में हुई थी युवक की मौत
बजाज नगर थाना इलाके में ब्लू साइन होटल में 30 सितंबर एक युवक प्रेम प्रकाश खींची की संदिग्ध मौत हो गई थी. मृतक के भाई विक्रम खींची ने बजाज नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराकर भाई की हत्या करने का आरोप लगाया था. हत्या के मामले को आत्महत्या दर्शाए जाने का आरोप लगाया था. उसने नौकरी लगाने के नाम पर आरोपियों के लाखों रुपये ऐंठने का भी आरोप लगाया था.
टोंक फाटक पुलिया पर सड़क पर बैठे परिजन
इधर, प्रेम प्रकाश खींची की कथित हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार दोपहर टोंक फाटक पुलिया के पास पहुंच गए. परिजन फुट ओवर ब्रिज के पास सड़क पर बैठ गए और टोंक रोड जाम कर दिया.
पुलिस ने समझाइश कर खुलवाया जाम
सूचना पर बजाज नगर थाना पुलिस और यातायात पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे.पुलिस ने समझाइश की कोशिश की लेकिन परिजन प्रेमप्रकाश को न्याय दो के नारे लगाते रहे. टोंक रोड़ को परिजनों ने दोनों तरफ से जाम कर दिया. हालांकि कुछ समय बाद एक तरफ से यातायात खुलवाया दिया. करीब आधा घंटे बाद पुलिस ने समझाइश कर मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन देने दूसरी तरफ का यातायात भी खुलवा दिया.
चोटों के निशान को लेकर परिजनों के सवाल
जानकारी के अनुसार, परिजन पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट हैं. परिजनों का कहना है कि मृतक प्रेम प्रकाश के शरीर पर चोटों के निशान हैं, इसके बावजूद पुलिस आत्महत्या का मामला बता रही है. पुलिस को होटल स्टाफ के साथ ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.
जाम में फंसे लोग होते रहे परेशान
इधर टोंक रोड जाम होने से सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी लंबी कतारें लग गई. दोपहर में तेज धूप होने के कारण बसों और अन्य वाहनों में बैठी सवारियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इधर जाम खुला तो सवारियों ने राहत की सांस ली.
एक दिन पहले वकीलों ने थाने के बाहर लगाया था जाम
मृतक प्रेम प्रकाश का भाई वकील है. ऐसे में मामले को लेकर गुरुवार को भी बड़ी संख्या में वकील बजाज नगर थाने पहुंचे थे. उन्होंने पुलिस कार्रवाई के विरोध में थाने के बाहर जाम लगाया था, हालांकि कुछ समय बाद उन्होंने जाम हटा दिया गया था.