)
Rajasthan Nikay Chunav 2026: नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में कल जयपुर जिले की 18 शहरी सरकारों के लिए वोटिंग होगी. मतदान से एक दिन पहले को 2 नगर परिषद चौमूं और शाहपुरा के साथ 16 नगरपालिकाओ के 565 बूथों पर पोलिंग पार्टियों ने मोर्चा संभाल लिया. इन बूथों पर 540 वार्डों के लिए सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा.
यानी 11 घंटे में 3 लाख 91 हजार 923 मतदाता 1920 प्रत्याशियो का भाग्य ईवीएम में बटन दबाकर कैद कर देंगे. सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन कॉलेज ऑफ फार्मेसी से पोलिंग पार्टियों को ईवीएम और चुनाव सामग्री देकर दो पारियों में रवाना किया गया. मतदान दलों ने निर्धारित बूथों पर पहुंचकर चुनाव की कमान संभाल ली.
फागी के 20 बूथों के लिए मतदान दल रवाना
पहली पारी में मनोहरपुर के 35, फुलेरा के 25, सांभर के 25, नारायणा के 25, किशनगढ़-रेनवाल के 35, शाहपुरा के 71, दूदू के 25, चाकसू के 36 और फागी के 20 बूथों के लिए मतदान दल रवाना हुए. दूसरी पारी में जोबनेर के 20, खेजरोली के 25, जमवारामगढ़ के 35, वाटिका के 25, कानोता के 20, बस्सी के 35, बगरू के 35, कालाडेरा के 20 और चौमूं के 53 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां भेजी गईं. रवाना होने से पहले मतदानकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया और ईवीएम सहित जरूरी चुनाव सामग्री सौंपी गई.
565 बूथों में से 152 क्रिटिकल
चुनाव में सुरक्षा सबसे बड़ा फोकस है. इसकी वजह यह है कि कुल 565 बूथों में से 152 क्रिटिकल हैं. यानी जिले में हर चौथा बूथ क्रिटिकल श्रेणी में है. सबसे ज्यादा 23 क्रिटिकल बूथ चौमूं और 20 शाहपुरा में हैं. दोनों निकायों में ही 43 क्रिटिकल बूथ हैं. इसके बाद चाकसू में 13 क्रिटिकल बूथ चिह्नित किए गए हैं. चौमूं में 23 और शाहपुरा में 20 बूथ क्रिटिकल हैं. चाकसू में 13, वहीं, खेजरोली, मनोहरपुर, किशनगढ़-रेनवाल, वाटिका और कानोता में 8-8 क्रिटिकल बूथ हैं. नारायणा, बगरू और जमवारामगढ़ में 7-7, फागी में 6, कालाडेरा, सांभर लेक, फुलेरा, जोबनेर और दूदू में 5-5 तथा बस्सी में सबसे कम 4 बूथ क्रिटिकल श्रेणी में रखे गए हैं.
जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने दिए खास निर्देश
बूथों के लिहाज से शाहपुरा पहले चरण का सबसे बड़ा चुनावी मैदान है. यहां 71 बूथ हैं. इसके बाद चौमूं में 53 और चाकसू में 36 बूथ हैं. मनोहरपुर, किशनगढ़-रेनवाल, बस्सी और बगरू में 35-35 बूथ बनाए गए हैं. वहीं फागी, जोबनेर, कानोता और कालाडेरा में 20-20 बूथ हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने मतदान, सुरक्षा, वाहन और चुनाव सामग्री से जुड़ी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए हैं. कल सुबह ईवीएम का बटन दबने के साथ 18 निकायों की नई शहरी सरकार चुनने की आखिरी परीक्षा शुरू होगी.