)
Jaipur Mayor Election: जयपुर नगर निगम में मेयर की कुर्सी के लिए दाखिल चारों नामांकन जांच में सही पाए गए हैं. सोमवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा के बाद भाजपा के सुनील कोठारी, कांग्रेस की सुनीता मावर के साथ सुनीता मेठी और दशरथ अटल भी फिलहाल चुनाव मैदान में बने हुए हैं. अब 22 सितंबर दोपहर 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे. इसके बाद ही मेयर चुनाव के मुकाबले की अंतिम तस्वीर साफ होगी.
25 सितंबर को होगा मतदान
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक, 25 सितंबर को सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा और इसके तुरंत बाद मतगणना की जाएगी. नामांकन के दौरान दिलचस्प स्थिति कांग्रेस खेमे में बनी थी. मेयर पद के लिए कांग्रेस से जुड़े तीन पार्षदों सुनीता मावर, सुनीता मेठी और दशरथ अटल ने पर्चे दाखिल किए थे, जबकि भाजपा की ओर से सुनील कोठारी ने नामांकन किया था. कांग्रेस ने अधिकृत प्रत्याशी के तौर पर सुनीता मावर को सिंबल दिया.
चारों नामांकन पाए गए वैध
ऐसे में नामांकन जांच के दौरान सुनीता मेठी और दशरथ अटल को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में माना गया. चारों नामांकन वैध रहने के बाद अब निगाहें नाम वापसी पर टिक गई हैं. नाम वापसी के लिए मंगलवार दोपहर 3 बजे तक का समय है. अगर सुनीता मेठी और दशरथ अटल नाम वापस लेते हैं, तो मुकाबला भाजपा के सुनील कोठारी और कांग्रेस की सुनीता मावर के बीच सीधा रह जाएगा. यदि दोनों या इनमें से कोई एक मैदान में रहता है, तो उसी हिसाब से चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे.
पहले मतदान फिर मतगणना
नाम वापसी की समय सीमा समाप्त होते ही चुनाव मैदान में बचे प्रत्याशियों की अंतिम सूची स्पष्ट हो जाएगी. मेयर का चुनाव सीधे जनता नहीं, बल्कि नगर निगम के निर्वाचित 150 पार्षद करेंगे. नगर निगम में भाजपा के 78, कांग्रेस के 57 और 15 निर्दलीय पार्षद हैं. बहुमत का आंकड़ा 76 है. मतदान 25 सितंबर को लालकोठी स्थित नगर निगम मुख्यालय में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक होगा.
मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू होगी और उसी दिन परिणाम घोषित किया जाएगा. गौरतलब है कि 150 सदस्यीय निगम बोर्ड में बहुमत के लिए 76 पार्षद चाहिए. भाजपा के पास 78 पार्षद हैं, यानी बहुमत से दो अधिक... कांग्रेस के पास 57 और निर्दलीय 15 हैं. इस कारण 25 सितंबर को होने वाले मतदान में पार्टी संख्या बल के साथ निर्दलीय पार्षदों के रुख पर भी राजनीतिक नजर रहेगी.