App

जयपुर फैमिली कोर्ट का बड़ा फैसला: वकील पत्नी ने लगाया अप्राकृतिक संबंध का झूठा आरोप, पति को मिली तलाक की मंजूरी

जयपुर फैमिली कोर्ट ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने के झूठे आरोप और बिना आधार FIR दर्ज कराने को मानसिक क्रूरता माना. अदालत ने पति की याचिका स्वीकार कर 23 साल पुरानी शादी खत्म करते हुए तलाक की डिक्री जारी की.

जयपुर फैमिली कोर्ट का बड़ा फैसला: वकील पत्नी ने लगाया अप्राकृतिक संबंध का झूठा आरोप, पति को मिली तलाक की मंजूरी
Image Credit: जयपुर फैमिली कोर्ट ने पति के पक्ष में तलाक की डिक्री जारी की.

जयपुर की महानगर पारिवारिक न्यायालय क्रम-4 ने एक महत्वपूर्ण फैसले में पति पर अप्राकृतिक शारीरिक संबंध बनाने के झूठे आरोप लगाने को मानसिक क्रूरता माना है. अदालत ने पति की ओर से दायर तलाक याचिका स्वीकार करते हुए 23 साल पुरानी शादी समाप्त करने का आदेश दिया है. पीठासीन अधिकारी प्रियंका पिलानिया ने अपने फैसले में पत्नी के व्यवहार और पति के खिलाफ दर्ज कराए गए आपराधिक मामलों को तलाक का प्रमुख आधार माना.

गंभीर आरोपों को कोर्ट ने माना मानसिक क्रूरता

अदालत ने कहा कि पत्नी स्वयं वकील है और कानून की जानकार है. इसके बावजूद उसने पति को परेशान करने के लिए 10 साल पुराने मामलों को लेकर बिना किसी ठोस आधार के अप्राकृतिक संबंध जैसे गंभीर आरोपों में एफआईआर दर्ज कराई. कोर्ट ने इसे पति के प्रति मानसिक क्रूरता माना. अदालत ने पत्नी के अपमानजनक व्यवहार, पति को गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने के आरोप और करीब 20 साल पहले बिना किसी उचित कारण के ससुराल छोड़कर अलग रहने को भी महत्वपूर्ण आधार माना.

पति की क्षमता से ज्यादा अपेक्षा करना भी क्रूरता

फैसले में अदालत ने टिप्पणी की कि प्रत्येक व्यक्ति की काम करने की क्षमता अलग-अलग होती है. यदि पत्नी लगातार पति से उसकी क्षमता से अधिक अपेक्षाएं रखती है और ताने देकर उसका अपमान करती है, तो ऐसा व्यवहार भी मानसिक क्रूरता की श्रेणी में आ सकता है.

कोर्ट ने पत्नी के बयानों में विरोधाभास की ओर भी ध्यान दिलाया. पत्नी एक तरफ पति पर कोई काम नहीं करने और दिनभर शराब पीने का आरोप लगाती है, जबकि दूसरी ओर घरेलू हिंसा के मामले में कहती है कि पति कोचिंग चलाकर एक लाख रुपये प्रतिमाह कमाता है.

महिला की स्वतंत्रता को नहीं माना जा सकता क्रूरता

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि किसी शिक्षित महिला से यह अपेक्षा नहीं की जा सकती कि वह अपनी शिक्षा और व्यक्तित्व को छोड़कर केवल घरेलू काम करे या पति की माता की देखभाल की जिम्मेदारी उठाए. जब पति स्वयं अपनी माता की देखभाल करने में सक्षम है, तो पत्नी पर ऐसी जिम्मेदारी थोपना उचित नहीं है.

कोर्ट ने कहा कि महिला का अपनी इच्छा और स्वतंत्रता के अनुसार जीवन जीना तथा अपने व्यक्तित्व के अनुरूप आचरण करना पति के प्रति मानसिक क्रूरता नहीं माना जा सकता.

पति ने याचिका में लगाए थे ये आरोप

तलाक याचिका में पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी उसके प्रति वैमनस्य रखती है और उसके माता-पिता का भी अनादर करती है. पति के अनुसार, पत्नी का व्यवहार उसके लिए लगातार मानसिक परेशानी का कारण बन रहा था. इसी आधार पर उसने अदालत से तलाक दिलाने की मांग की थी. सभी तथ्यों और परिस्थितियों पर विचार करने के बाद अदालत ने पति की याचिका स्वीकार कर 23 साल पुराने वैवाहिक संबंध को समाप्त करने की डिक्री जारी कर दी.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Mahesh Pareek

Mahesh Pareek

पत्रकारिता जगत में दो दशक (20 साल) का लंबा और बेदाग अनुभव रखने वाले महेश पारीक वर्तमान में पिछले 9 साल से Zee Media के साथ बतौर सीनियर जर्नलिस्ट जुड़े हुए हैं. विधि, अदालत और कानूनी क्षेत्र की जटिल खबरों को सरल और तथ्यात्मक रूप से पाठकों तक पहुंचाने में उनकी विशेष महारत है.अपने करियर की शुरुआत 'राजस्थान पत्रिका' से करने वाले महेश पारीक ने इसके बाद 'दैनिक नवज्योति', 'पंजाब केसरी' और 'राष्ट्रदूत' जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं दी हैं. 
Read More