SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

अचानक दौड़ा करंट और खत्म हो गई जिंदगी, हादसे के बाद अस्पताल के बाहर बवाल, कार्रवाई की मांग पर अड़े लोग

जयपुर के बासखों क्षेत्र में ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दौरान श्रमिक सियाराम शर्मा की करंट लगने से मौत हो गई. गलत शटडाउन दिए जाने का आरोप है. परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर जिम्मेदार अभियंताओं पर कार्रवाई की मांग की.

Written By Dinesh Tiwari
Published: Nov 19, 2026, 13:50 IST | Updated: Nov 19, 2026, 13:54 IST
Image Credit: ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दौरान लगा करंट.
Join

जयपुर में विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. बासखों क्षेत्र के मदरामपुरा जीएसएस के भटेरी फीडर पर बिजली लाइन का काम कर रहे एक श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गलत शटडाउन दिए जाने के कारण यह हादसा हुआ. घटना के बाद श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है.

ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग के दौरान लगा करंट
जानकारी के अनुसार, श्रमिक सियाराम शर्मा नया ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग करने के काम में जुटे हुए थे. इसी दौरान अचानक बिजली का करंट प्रवाहित हो गया और वह इसकी चपेट में आ गए. करंट लगने से श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

स्थानीय लोगों ने तुरंत घायल श्रमिक को बस्सी अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है.

यह भी पढे़ं- बहन की डोली से पहले उठी 2 भाइयों की अर्थियां: सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत

परिजनों ने अस्पताल के बाहर किया हंगामा
श्रमिक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय लोगों में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश फैल गया. उन्होंने अस्पताल के बाहर कई घंटों तक हंगामा किया और जिम्मेदार अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई.

परिजनों का आरोप है कि विभागीय लापरवाही और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण सियाराम शर्मा की जान गई. उनका कहना है कि बिजली लाइन पर काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा का ध्यान रखना विभाग की जिम्मेदारी है.

कनिष्ठ और सहायक अभियंता की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस हादसे के बाद बासखों के कनिष्ठ अभियंता और सहायक अभियंता की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. सहायक अभियंता दीपक मिश्रा के खिलाफ पूर्व में भी लापरवाही को लेकर शिकायतें सामने आने की बात कही गई है.

घटना ने विद्युत विभाग की सुरक्षा व्यवस्था, शटडाउन प्रक्रिया और फील्ड में काम करने वाले श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

अधिशाषी अभियंता ने परिजनों को समझाया
परिजनों के हंगामे की सूचना मिलने पर अधिशाषी अभियंता श्रीकृष्ण अग्रवाल मौके पर पहुंचे. उन्होंने परिजनों को समझाइश दी. इसके बाद मृतक सियाराम शर्मा का अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया गया और शव परिजनों के लिए रवाना करवाया गया. अब इस मामले में विभाग की ओर से जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

 

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर रिपोर्टर के रूप में कार्यरत दिनेश तिवारी पत्रकारिता के क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों से अधिक समय से सक्रिय हैं. जी राजस्थान में वे मुख्य रूप से यूडीएच और जेडीए से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं, जहां आमजन से जुड़ी सड़क, पानी और सीवरेज समस्याओं को लगातार उठाते रहे हैं. दिनेश तिवारी शिक्षा बीट पर भी मजबूत पकड़ रखते हैं.  इसके साथ ही खेल जगत से जुड़ी खबरों की कवरेज में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है. जमीनी मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और आमजन की समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने में दिनेश तिवारी की पहचान एक सक्रिय पत्रकार के रूप में बनी है. जी राजस्थान से पहले दिनेश तिवारी ETV Bharat, Rajasthan Patrika, First India News और A1TV में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES