App

20 नवंबर को खाटू में उमड़ेगा लाखों भक्तों का सैलाब: रींगस की अधूरी पुलिया बढ़ाएगी परेशानी!

खाटूश्यामजी में 20 नवंबर को बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है लेकिन रींगस बाइपास पर निर्माणाधीन पुलिया पिछले सात महीने से अधूरी पड़ी है. 29 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ निर्माण कार्य फिलहाल बंद है, जिससे आए दिन जाम लग रहा है. जन्मोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने से यातायात व्यवस्था बिगड़ने की आशंका है.

20 नवंबर को खाटू में उमड़ेगा लाखों भक्तों का सैलाब: रींगस की अधूरी पुलिया बढ़ाएगी परेशानी!
Image Credit: रींगस में अधूरी पुलिया बनी मुसीबत!

विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी धाम में 20 नवंबर को आयोजित होने वाले बाबा श्याम के जन्मोत्सव को लेकर जहां प्रशासन श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए तैयारियों में जुटा है. वहीं, रींगस के बाइपास मार्ग पर निर्माणाधीन पुलिया का अधूरा कार्य श्याम भक्तों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है. पिछले करीब सात महीने से पुलिया का निर्माण कार्य लंबित चल रहा है.

सात महीने से अधूरी पड़ी पुलिया, रोज लग रहा जाम 
हालात यह हैं कि निर्माण कार्य बंद होने और यातायात की समुचित वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से आए दिन वाहन चालकों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, रींगस बाइपास पुलिया का निर्माण कार्य 29 अप्रैल 2026 को शुरू हुआ था. शुरुआत में लोगों को उम्मीद थी कि निर्धारित समय में निर्माण पूरा होने से यातायात व्यवस्था सुचारू हो जाएगी, लेकिन सात महीने बीतने के बाद भी कार्य अधूरा पड़ा है.

निर्माण बंद होने से श्रद्धालुओं की बढ़ेगी परेशानी
वर्तमान में निर्माण कार्य बंद होने से पुलिया क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो रहा है. यहां से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के साथ श्याम भक्तों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. 20 नवंबर को बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर देशभर से लाखों श्रद्धालुओं के खाटूश्यामजी पहुंचने की संभावना है.

जन्मोत्सव पर बिगड़ सकती है यातायात व्यवस्था 
ऐसे में रींगस से खाटूश्यामजी जाने वाले मार्ग पर वाहनों और पदयात्रियों का दबाव बढ़ना तय है. पहले से ही जाम की समस्या से जूझ रहे इस मार्ग पर अधूरी पुलिया और निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था बिगड़ने की आशंका बनी हुई है.

NHAI की वैकल्पिक व्यवस्था पर उठे सवाल
हैरानी की बात यह है कि लाखों श्रद्धालुओं के आवागमन की संभावना के बावजूद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से अब तक पुलिया निर्माण के दौरान यातायात सुचारू रखने के लिए कोई ठोस वैकल्पिक व्यवस्था नजर नहीं आ रही है.

स्थानीय लोगों ने की जल्द निर्माण पूरा कराने की मांग
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि यदि समय रहते निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो जन्मोत्सव के दौरान जाम की स्थिति गंभीर हो सकती है. लोगों ने एनएचएआई से निर्माण कार्य जल्द पूरा करवाने और तब तक यातायात के लिए सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग और समुचित व्यवस्थाएं करने की मांग की है. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ashok Singh Shekhawat

Ashok Singh Shekhawat

अशोक सिंह शेखावत सीकर (राजस्थान) निवासी वरिष्ठ पत्रकार हैं, जो पिछले 23 से अधिक वर्षों से प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में सक्रिय हैं। वर्तमान में वे ज़ी राजस्थान में सीकर जिला ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं।विज्ञान, विधि (LL.B.), फार्मास्यूटिकल्स और पत्रकारिता (BJMC) में बहु-विषयक शिक्षा प्राप्त शेखावत जी ने अपने करियर की शुरुआत राजकीय अस्पताल, झुंझुनूं में 7 वर्षों तक बतौर फार्मासिस्ट की थी। इसके बाद उन्होंने मीडिया क्षेत्र में कदम रखते हुए राजस्थान पत्रिका, इंडिया टुडे और ईटीवी राजस्थान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में लंबे समय तक अपनी सेवाएँ दीं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग (DIPR, राजस्थान) से अधिस्वीकृत पत्रकार (संख्या: 1410) के रूप में उन्हें रक्षा व शहीद परिवारों के कल्याण, स्वास्थ्य-चिकित्सा और क्षेत्रीय राजनीति की सटीक व संवेदनशील रिपोर्टिंग के लिए जाना जाता है। निष्पक्ष पत्रकारिता और सामाजिक सरोकारों के लिए वे सीकर व झुंझुनूं जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित भी हो चुके हैं।
Read More