)
धौलपुर जिले के सैंपऊ थाना क्षेत्र में कैंथरी बॉर्डर के पास दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. तीनों युवक उत्तर प्रदेश से धौलपुर के मनियां क्षेत्र में अपनी चचेरी बहन के टीका लग्न कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे थे. इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. हादसे से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं.
टीका लग्न कार्यक्रम में जा रहे थे युवक
सहायक उप निरीक्षक वीरभान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के कराही का नगला निवासी जितेंद्र (30) पुत्र भूप सिंह, बबलू (35) पुत्र महेंद्र सिंह और राजू (32) पुत्र गोपाल बाइक से मनियां क्षेत्र के बगचौली गांव जा रहे थे. तीनों चचेरी बहन के टीका लग्न कार्यक्रम में शामिल होने निकले थे. कैंथरी बॉर्डर के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर से तीनों युवक घायल
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग जमा हो गए. सूचना पर सैंपऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में दो युवकों की मौत
चिकित्सकों ने बबलू और जितेंद्र को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल राजू को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए हैं. हादसे की सूचना पर मृतकों के परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे. मौत की खबर सुनकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. अस्पताल परिसर में चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया.
जितेंद्र की एक इकलौती बेटी
बताया गया है कि जितेंद्र शादीशुदा था और उसके परिवार में एक इकलौती बेटी है. पिता की असमय मौत से बेटी के सिर से पिता का साया उठ गया. जिस घर में चचेरी बहन के टीका लग्न कार्यक्रम की तैयारियां और खुशियां थीं, वहां दो युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही उत्सव मातम में बदल गया.
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस हादसे के संबंध में जानकारी जुटा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश में लगी है. हादसे में दो युवकों की मौत और एक साथी के गंभीर रूप से घायल होने से परिवारों में शोक है. पुलिस जांच के जरिए दुर्घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का पता लगाएगी.