फूलों के दाम सुनकर उड़े होश, फिर भी मां लक्ष्मी के स्वागत में पीछे नहीं हटे जयपुरवासी!
दीपावली पर जयपुर की फूल मंडियों में महंगाई के बावजूद खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ी. गेंदे और गुलाब की मालाओं से लेकर मां लक्ष्मी के पूजन के लिए कमल के फूलों तक की जमकर खरीदारी हुई. लोगों का कहना है कि फूलों के दाम भले ही बढ़ गए हों, लेकिन मां लक्ष्मी के स्वागत में कोई कमी नहीं रखना चाहते.
फूलों के दाम भले ही आम दिनों के मुकाबले बढ़ गए हों, लेकिन दीपावली पर महालक्ष्मी के स्वागत का उत्साह महंगाई पर भारी पड़ता नजर आया. रविवार सुबह से ही जयपुर की फूल मंडियों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी. कहीं गेंदा और गुलाब की मालाओं के लिए खरीदार जुटे थे, तो कहीं मां लक्ष्मी के चरणों में अर्पित करने के लिए कमल के फूल तलाशे जा रहे थे.
महंगाई के बावजूद फूलों की खरीदारी में कमी नहीं
फूलों की कीमतें सुनकर खरीदारों ने महंगाई की बात जरूर की, लेकिन खरीदारी से कदम पीछे नहीं खींचे. लोगों का कहना था कि साल में एक बार मां लक्ष्मी के स्वागत का यह विशेष अवसर आता है. ऐसे में घर-आंगन और प्रतिष्ठानों को सजाने में कोई कमी नहीं रखना चाहते. फूल मंडियों में खरीदारी करने पहुंचे लोगों ने बताया कि सामान्य दिनों की तुलना में फूलों की कीमतें काफी अधिक हैं.
गेंदे की मालाओं से लेकर कमल के फूल तक की डिमांड
इसके बावजूद दीपावली की परंपरा और आस्था के चलते फूल-मालाओं की खरीदारी जरूरी है. कोई घर के मुख्य द्वार के लिए गेंदे की लड़ियां खरीद रहा था, तो कोई दुकान और प्रतिष्ठान को सजाने के लिए फूलों की मालाएं ले जा रहा था. खरीदारों का कहना था कि महंगाई अपनी जगह है, लेकिन मां लक्ष्मी के स्वागत की खुशी अलग है. दीपावली पर फूल मंडियों में खरीदारी का अलग ही नजारा देखने को मिला. लक्ष्मी पूजन के लिए कमल के फूल की विशेष मांग रही. धार्मिक मान्यताओं में कमल का संबंध मां लक्ष्मी से होने के कारण श्रद्धालु इसे पूजन के लिए खरीद रहे थे.
यह भी पढ़ेंः दिवाली पर दुल्हन की तरह सजा बाड़मेर का श्मशान घाट! पढ़ें अनोखी कहानी
गेंदा, गुलाब और गुलदाउदी से सजी फूल मंडियां
वहीं घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों के मुख्य द्वार सजाने के लिए गेंदे की मालाओं की खूब खरीदारी हुई. गुलाब और गुलदाउदी के फूल भी खरीदारों की पसंद बने रहे. फूलों के साथ अशोक के पत्तों और गन्ने की खरीदारी को लेकर भी उत्साह दिखाई दिया. सुबह से ही फूल विक्रेताओं की दुकानों पर खरीदारों की आवाजाही बनी रही. रंग-बिरंगे फूलों और मालाओं से सजी दुकानों पर दीपावली की रौनक नजर आई.
घर की चौखट से पूजा स्थल तक फूलों से सजावट की तैयारी
खास बात यह रही कि खरीदार केवल पूजा के लिए ही नहीं, बल्कि घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाने के लिए भी फूल खरीद रहे थे. लोगों का कहना था कि दीपावली पर साफ-सफाई, सजावट और रोशनी के साथ फूलों का भी विशेष महत्व है इसलिए महालक्ष्मी के स्वागत में घर की चौखट से लेकर पूजा स्थल तक फूलों से सजाने की तैयारी है.