दीपावली पर मिठाई-घी में मिलावट का डर: जयपुर में यहां होगी फ्री जांच
दीपावली पर दूध, घी, पनीर और मिठाइयों में मिलावट की आशंका के बीच जयपुर डेयरी ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है. अब उपभोक्ता जयपुर डेयरी की हाईटेक लैब में अपने खरीदे हुए डेयरी उत्पादों की जांच बिना किसी शुल्क के करवा सकेंगे. लैब में दूध के 24 मानकों की जांच एक ही टेस्ट में की जा सकती है.
हाल ही में त्योहार पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने जयपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में मिलावट को लेकर बड़ी कार्रवाई की है. हर साल त्योहार पर बड़ी मात्रा में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थ बाजार में खपाने की तैयारी होती है. खासकर दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की मांग बढ़ने के साथ ही मिलावट का खतरा भी बढ़ जाता है.
बाजार में बिकने वाले दूध, घी, पनीर और मिठाइयों की शुद्धता को लेकर उपभोक्ताओं के मन में कई सवाल रहते हैं. ऐसे में आखिर आम व्यक्ति कैसे पता करे कि वह जो डेयरी उत्पाद खरीद रहा है, वह शुद्ध है या उसमें मिलावट की गई है. इस दीपावली जयपुर डेयरी आम लोगों की इस चिंता को दूर करने के लिए आगे आया है. जयपुर डेयरी की हाईटेक लैब में आम व्यक्ति अपने डेयरी उत्पादों की मिलावट की जांच आसानी से करवा सकता है. खास बात यह है कि इसके लिए जयपुर डेयरी की ओर से कोई शुल्क या फीस नहीं ली जाएगी.
यह भी पढ़ेंः क्या इस दिवाली अंधेरे में रहेंगे दीये बनाने वाले हाथ? कुम्हारों ने सरकार से गुहार लगाकर की यह बड़ी मांग
आम व्यक्ति भी करवा सकता है यहां जांच
जयपुर डेयरी की प्रयोगशाला में उपभोक्ता दूध, घी, पनीर और मिठाई जैसे उत्पादों की जांच करवा सकते हैं. इससे बाजार से खरीदे गए उत्पादों की गुणवत्ता को लेकर किसी तरह का संदेह होने पर उपभोक्ता सीधे जांच करवा सकेंगे. डेयरी उत्पादों में मिलावट की पहचान के लिए प्रयोगशाला में वैज्ञानिक तरीके से जांच की जाती है. इससे उत्पाद की गुणवत्ता और उसमें मौजूद संभावित मिलावट के बारे में जानकारी मिल सकती है.
आखिर कैसे करें इस दीपावली दूध, घी और मिठाई में मिलावट की जांच?
जयपुर डेयरी की हाईटेक लैब में आम व्यक्ति करवा सकेगा मिलावट की जांच
दूध, घी, पनीर और मिठाई की जांच के लिए नहीं लगेगा कोई शुल्क
मिलावट की आशंका होने पर उपभोक्ता करा सकेंगे डेयरी उत्पादों की जांच
हाल ही में मिलावट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में बड़े ब्रांड के नाम से नकली घी बरामद
हजारों लीटर संदिग्ध घी मिलने के बाद खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर उठे सवाल
यह भी पढ़ेंः दीपावली से पहले बड़ा एक्शन: जयपुर में 35 हजार लीटर घी जब्त, फैक्ट्री पर लगा ताला
नकली घी की बड़ी कार्रवाई के बाद बढ़ी चिंता
हाल ही में मिलावट के खिलाफ हुई बड़ी कार्रवाई में बड़े ब्रांड के नाम से नकली घी तैयार करने और बेचने का मामला सामने आया था. कार्रवाई के दौरान हजारों लीटर संदिग्ध घी बरामद किया गया. इस घटना ने एक बार फिर बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की शुद्धता पर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए जरूरी है कि वे डेयरी उत्पाद खरीदते समय उनकी पैकिंग, गुणवत्ता और ब्रांड की प्रमाणिकता पर ध्यान दें.
दूध जांच की तकनीक की खासियत यह है कि यह महज एक ही टेस्ट में दूध के 24 अलग-अलग मानकों की बारीकी से जांच कर देती है. इसमें फैट, एस.एन.एफ. (SNF), प्रोटीन, लैक्टोज के साथ-साथ दूध में होने वाली किसी भी संभावित मिलावट की शत-प्रतिशत सटीक रिपोर्ट सामने आ जाती है. यह चलती-फिरती प्रयोगशाला बिना किसी पूर्व सूचना के सीधे दुग्ध समितियों पर पहुंचेगी . अब तक जयपुर डेयरी क्षेत्र की लगभग 612 दुग्ध सहकारी समितियों में आकस्मिक निरीक्षण (सरप्राइज चेकिंग) किया जा चुका है. इस कड़े रुख से दूध में मिलावट करने वाले तत्वों पर प्रभावी लगाम लगी है.