App

तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी देने वाला गिरफ्तार, मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से दबोचा

बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को ऑडियो क्लिप के जरिए धमकी देने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने इस मामले में आरोपी वैभव मिश्रा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है. मामले की आगे जांच जारी है.

तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी देने वाला गिरफ्तार, मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से दबोचा
Image Credit: सोशल मीडिया

बॉलीवुड एक्टर तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी भरे कॉल और फिरौती मांगने वाले केस में मुंबई क्राइम ब्रांच ने एक्शन लिया है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने बुधवार को बेंगलुरु के रहने वाले एक 30 वर्षीय IT इंजीनियर को गिरफ्तार किया. उस पर आरोप है कि उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों के नाम का इस्तेमाल करके जबरन वसूली की धमकियां भेजी थीं.

आरोपी की पहचान वैभव मिश्रा के तौर में हुई है. उसने कथित तौर पर कई अभिनेताओं को धमकी भरे ऑडियो संदेश भेजे. उसने उनसे पैसों की मांग की और उन्हें डराने-धमकाने के लिए बिश्नोई गैंग के सदस्यों के नामों का इस्तेमाल किया. हालांकि, शुरुआती जांच में गैंग के साथ उसके जुड़े होने का कोई सबूत नहीं मिला है. मुंबई क्राइम ब्रांच की एक टीम ने बेंगलुरु से मिश्रा को गिरफ्तार किया है, अब आगे की जांच के लिए उसे मुंबई ला रही है. 

तुषार-आयुष्मान को धमकी देने का मामला

बता दें कि आयुष्मान खुराना को एक ऑडियो मैसेज मिला था. इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया और अभिनेता से करोड़ों रुपए की मांग की. मुंबई पुलिस के सूत्रों ने बताया था कि जांच टीम ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज का मिलान अपने रिकॉर्ड में मौजूद वॉयस सैंपल से कर रही है. साथ ही, साइबर सेल मैसेज भेजने वाले नंबर और उसकी लोकेशन का पता लगाने में जुटी थी.

वहीं, अभिनेता तुषार कपूर को भी इससे पहले धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था. इसमें मैसेज भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया था और 5 करोड़ रुपए की मांग की थी. तुषार ने इस बारे में मुंबई पुलिस को जानकारी दी थी. इसके बाद मामले की जांच क्राइम ब्रांच की एंटी-एक्सटॉर्शन सेल को सौंपी गई थी.

अब वैभव मिश्रा को हिरासत में लेने के बाद जांच में एक नया मोड़ आया है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि उसने किन-किन लोगों को ऐसे मैसेज भेजे, इन मैसेज के पीछे उसका मकसद क्या था और क्या उसने किसी दूसरे व्यक्ति या गिरोह के कहने पर ऐसा किया.

टाइगर श्रॉफ पर हुई थी फायरिंग 

दरअसल, बॉलीवुड में धमकी और वसूली से जुड़े मामलों की चर्चा टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद तेज हो गई है. 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर बाइक सवार हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. घटना के वक्त अभिनेता फुटबॉल खेलने के बाद वहां से निकल रहे थे. इस हमले में टाइगर सुरक्षित बच गए थे, जबकि उनके ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए थे. मुंबई पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बाद में इसे क्राइम ब्रांच को सौंप दिया था. 

जांच के दौरान पुलिस को इस मामले में एक बड़े नेटवर्क की भूमिका की आशंका हुई. 27 अक्टूबर को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट (मकोका) की धाराएं भी जोड़ दी थीं. 2 नवंबर तक इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या 13 बताई गई.

इस मामले की जांच के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई थी. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने से पहले कुछ अन्य बॉलीवुड अभिनेताओं की भी रेकी की गई थी. इनमें सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन के नाम सामने आए थे.

(आईएएनएस इनपुट)

 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Swati Singh

Swati Singh

स्वाति सिंह एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिन्हें न्यूज़ मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में वह Zee News Hindi की डिजिटल टीम के एंटरटेनमेंट (मनोरंजन) सेक्शन में काम कर रही हैं. स्वाति की एक्सपर्टीज बॉलीवुड न्यूज़, सिनेमा, एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स और सेलेब्स की इन-डेप्थ रिपोर्टिंग में है.अपने करियर के दौरान स्वाति ने आयुष्मान खुराना, नीना गुप्ता, गजराज राव और ध्वनि भानुशाली जैसी कई जानी-मानी बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू किए हैं. Zee News से पहले उन्होंने अमर उजाला, लाइव हिंदुस्तान और लोकमत जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं, जहां काम के लिए उन्हें सम्मानित भी किया गया है.माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से मास कम्युनिकेशन और सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी से बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (MBA) की डिग्री हासिल करने वाली स्वाति, मनोरंजन जगत की खबरों को पाठकों तक रोचक और सटीक ढंग से पहुंचाने के लिए जानी जाती हैं.आप स्वाति सिंह से swati.kumari@india.com पर सीधे ईमेल के जरिए संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप उनसे एक्स (ट्विटर), इंस्टाग्राम और लिंक्डइन पर भी कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More