App

दिवाली-छठ पर घर जाने की मारामारी, आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़; 18 स्पेशल ट्रेनें भी कम

दिवाली और छठ पर घर लौटने वाले प्रवासी मजदूरों और छात्रों की भीड़ आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर बढ़ रही है. इस स्टेशन से रेलवे 18 स्पेशल ट्रेनें चलाने के साथ सुरक्षा और यात्री सुविधाओं के इंतजाम कर रहा है.

दिवाली-छठ पर घर जाने की मारामारी, आनंद विहार स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़; 18 स्पेशल ट्रेनें भी कम
Image Credit: AI IMAGE

राजधानी दिल्ली में रह रहे प्रवासी मजदूर, छात्र और छोटे शहरों से बड़े शहरों में रोजी-रोटी की तलाश में आए लोग दिवाली और छठ पर्व मनाने के लिए अपने गृह राज्य लौट रहे हैं. त्योहारों के चलते ट्रेनों और बसों में भारी भीड़ देखने को मिल रही है. वहीं फ्लाइट का किराया भी आसमान छू रहा है. ऐसे में बड़ी संख्या में लोग ट्रेन से अपने घर जाने को मजबूर हैं.

आनंद विहार रेलवे टर्मिनल से चलाई जा रही 18 स्पेशल ट्रेन
पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार रेलवे टर्मिनल पर यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है. यहां से ज्यादातर ट्रेनें पूर्वांचल और बिहार की ओर जाती हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए आनंद विहार रेलवे टर्मिनल से बिहार और अन्य राज्यों के लिए कुल 18 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं. इसके बावजूद स्टेशन पर भीड़ लगातार बढ़ती जा रही है. अनुमान है कि आने वाले दिनों में यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है.

यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे स्टेशन पर पुख्ता इंतजाम
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. स्टेशन और प्लेटफॉर्म पर पैरामिलिट्री फोर्स के साथ-साथ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों को तैनात किया गया है. वहीं यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल के ठीक बगल में यात्री सुविधा केंद्र बनाया गया है. यहां से यात्री जनरल और अनारक्षित टिकट बुक कर सकते हैं.

यात्री सुविधा केंद्र में एटीएम और खानपान की सुविधा के साथ बैठने की व्यवस्था भी की गई है. इसके अलावा स्पीकर के जरिए ट्रेनों के आने और जाने की जानकारी लगातार यात्रियों को दी जा रही है, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो.

तीन महीने पहले टिकट कराने पर भी मिली सीट, लेकिन ट्रेन में भीड़ 
ज़ी मीडिया की टीम ने बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में सफर करने वाले एक छात्र से बातचीत की. यात्री छात्र ने बताया कि उसने करीब तीन महीने पहले ही ट्रेन का टिकट बुक करा लिया था. उसे सीट तो मिल गई, लेकिन ट्रेन में भारी भीड़ है. छात्र के मुताबिक, उसका परिवार भी कुछ दिन पहले इसी तरह भारी भीड़ के बीच अपने घर पहुंचा है.

ट्रेनों और बसों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार ने किए इतंजाम
छात्र ने बताया कि वे लोग खासतौर पर पढ़ाई के लिए बड़े शहरों में आते हैं और दिवाली व छठ जैसे त्योहारों पर अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए घर लौटते हैं. ऐसे में ट्रेन और बसों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए सरकार को परिवहन व्यवस्था और बेहतर करने की जरूरत है.

आनंद विहार रेलवे टर्मिनल पर बढ़ रही यात्रियों की भीड़
फिलहाल, दिवाली और छठ को लेकर आनंद विहार रेलवे टर्मिनल पर यात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है. स्पेशल ट्रेनों के संचालन और सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद यात्रियों को भीड़ के बीच सफर करना पड़ रहा है.
ये भी पढ़ें: दिवाली-छठ पर घर जाना होगा आसान, दिल्ली के रेलवे स्टेशन से चलेंगी 13 स्पेशल ट्रेनें; जानें कब और कहां से मिलेगी सुविधा

(सचिन बिड़लान की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Renu Akarniya

Renu Akarniya

रेनू अकर्णिया, वर्तमान में Zee News में सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं और दिल्ली-एनसीआर और हरियाणा की लेटेस्ट, ट्रेंडिंग कंटेंट, यूटिलिटी जुड़ी खबरों पर काम कर रहे हैं. रेनू पिछले 3 सालों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. पत्रकारिता में ग्रेजुएशन करने के बाद उन्होंने 2022 में Zee News से करियर की शुरुआत की.  लोकल चैनल समाचार प्लस में इंटर्न से शुरुआत की और कारवां बढ़ता हुआ जी न्यूज पहुंचा.
Read More