)
राजस्थान में नवंबर की शुरुआत के साथ मौसम का मिजाज बदलने लगा है. रात के तापमान में गिरावट से सुबह और देर रात हल्की ठंड महसूस होने लगी है, जबकि दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है. पश्चिमी राजस्थान के कई शहरों में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. वहीं शेखावाटी क्षेत्र में रात का पारा 15 डिग्री से नीचे पहुंच गया है. मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है. अगले एक सप्ताह तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं.
मौसम विभाग की ओर से सुबह 8:30 बजे तक दर्ज किए गए पिछले 24 घंटों के आंकड़ों के अनुसार, बाड़मेर में सबसे अधिक 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. जैसलमेर में 35.5, जोधपुर में 35.3, चूरू में 34.5, जालोर में 34.1 और जवाई डैम (पाली) में 34 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. पूर्वी राजस्थान में भी दिन के समय गर्मी का असर रहा. पिलानी में अधिकतम तापमान 34.3, वनस्थली में 33.6, फतेहपुर में 33.5 और अजमेर में 32.8 डिग्री सेल्सियस रहा. जयपुर और भीलवाड़ा में 31.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.
दिन में गर्मी के बावजूद रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है. फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रहा. माउंट आबू में रात का पारा 11.9 डिग्री दर्ज हुआ. सीकर में न्यूनतम तापमान 14.7, नागौर में 14.4, वनस्थली में 14.5 और चित्तौड़गढ़ में 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा. जयपुर में रात का तापमान 18.2 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं अलवर में 16, कोटा में 16.6 और झुंझुनूं में 16.6 डिग्री सेल्सियस रहा. दूसरी ओर जैसलमेर में न्यूनतम तापमान 21.4, बीकानेर में 21.2 और बाड़मेर में 19.8 डिग्री दर्ज हुआ.
प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है. बाड़मेर में यह अंतर 16.8 डिग्री, जैसलमेर में 14.1 डिग्री और जयपुर में 13.3 डिग्री रहा. यही वजह है कि दिन में गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और देर रात हल्की ठंडक बनी हुई है.
बंगाल की खाड़ी से उठा गंभीर चक्रवाती तूफान 'मुरासु' आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है. इसके राजस्थान के मौसम पर फिलहाल कोई प्रभाव पड़ने की संभावना नहीं है. बीते 24 घंटों में प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 4 नवंबर को भी प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने का अनुमान है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और रात का तापमान 17 से 19 डिग्री के आसपास रह सकता है. अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने के आसार हैं.