SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर में साइबर ठगों का आतंक: क्रेडिट कार्ड से पेंशन तक के नाम पर लाखों रुपये पार, एक ही दिन में 7 केस दर्ज

जयपुर में साइबर ठगी के एक ही दिन में 7 मामले दर्ज हुए हैं. ठगों ने क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट कराने, पेंशन कार्ड बनवाने, मोबाइल हैक करने और UPI के जरिए लोगों को निशाना बनाया. एक 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के बैंक खातों से 3.47 लाख रुपए ट्रांसफर होने का मामला भी सामने आया है.

Reported By Vishnu Prakash Sharma Written By Aman Singh
Published: Oct 19, 2026, 06:55 PM IST | Updated: Oct 19, 2026, 07:05 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

राजस्थान के जयपुर में साइबर ठग लगातार लोगों को जाल में फंसाते जा रहे हैं. कहीं क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट कराने के नाम पर ठगी हुई, तो कहीं पेंशन कार्ड बनवाने के बहाने बुजुर्ग महिला के बैंक खातों से लाखों रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए. किसी का मोबाइल हैक कर खाते से रकम निकाल ली गई, तो किसी के बैंक खाते से बिना ओटीपी आए ही पैसे कट गए. जयपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एक ही दिन में साइबर धोखाधड़ी के 7 मामले दर्ज हुए हैं. पुलिस ने शिकायतों के आधार पर मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

क्रेडिट कार्ड के नाम पर ठगी

रामनगरिया थाना क्षेत्र में चतरपुरा स्थित नृसिंह वाटिका निवासी दिनेश कुमार मीणा के पास क्रेडिट कार्ड एक्टिवेट कराने के संबंध में फोन आया. आरोप है कि फोन करने वाले ने ओटीपी मांगा और इसके बाद उनके खाते से 1 लाख 20 हजार रुपए निकाल लिए गए. शिकायत में मोहम्मद जुबेर और जावेद रंगरेज का नाम दर्ज कराया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना

वहीं बजाज नगर थाना क्षेत्र की जय जवान कॉलोनी निवासी 75 वर्षीय प्रभा किशोर के साथ भी साइबर ठगी हुई. आरोप है कि बीओबी का पेंशन कार्ड बनवाने के नाम पर व्हाट्सऐप स्क्रीन शेयर करवाई गई. इसके बाद यूपीआई के जरिए दो बैंक खातों से कुल 3 लाख 47 हजार 422 रुपए ट्रांसफर कर लिए गए.

यह भी पढ़ें- कोटा में ज्वेलर्स की दुकान पर लाखों की चोरी: महज 3 मिनट में उठा ले गए पूरी तिजोरी, CCTV में वारदात कैद

मोबाइल हैक कर निकाले पैसे

मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में मुहाना रोड स्थित झूलेलाल नगर निवासी हरिमोहन गुर्जर ने साइबर धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई. उनकी गूलर का बंधा, सांगानेर स्थित फैक्ट्री से जुड़ी घटना के दौरान रात में मोबाइल हैक होने और खाते से 2 लाख 18 हजार रुपए निकलने की जानकारी सामने आई. पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर भी शिकायत दी है.

मोबाइल और ATM गुम होने के बाद ठगी

गांधी नगर थाना क्षेत्र में नारायण सिंह सर्किल से गांव जाते समय फागी क्षेत्र के निवासी रेवाल मांझी का मोबाइल, पर्स और एटीएम कार्ड गुम हो गए. शिकायत के मुताबिक, मोबाइल और यूपीआई का इस्तेमाल कर खाते से 1 लाख 60 हजार 700 रुपए निकाल लिए गए.

दूसरे थाना क्षेत्रों में भी मामले

करधनी थाना क्षेत्र के भारत माता चौक निवासी पूरण शर्मा ने 2 लाख 1 हजार 410 रुपए की साइबर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई है. पुलिस ने CCTNS पोर्टल पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं भट्टा बस्ती थाने में राजेंद्र कुमार ने बैंक खाते से रकम कटने की शिकायत दर्ज कराई. पीड़ित के मुताबिक, ICICI बैंक खाते से पैसे कटने का मैसेज आया, जबकि उन्हें कोई ओटीपी नहीं मिला था. शिकायत में 1 लाख 21 हजार 547 रुपए की धोखाधड़ी का जिक्र है. इसके अलावा कोटक बैंक खाते से 27 हजार 999 रुपए और 2 हजार 450 रुपए ट्रांसफर किए जाने की जानकारी भी सामने आई है. इस मामले में दर्ज रकम और ट्रांजेक्शन का पूरा विवरण जांच के बाद स्पष्ट होगा.

यह भी पढ़ें- जयपुर में पिता ने बेटे का कराया अपहरण: पत्नी को वापस लाने के लिए बनाया प्लान, 4 गिरफ्तार

7.30 लाख रुपए की ठगी

श्याम नगर थाना क्षेत्र में रानी सती नगर निवासी सुमित गुप्ता ने 7 लाख 30 हजार रुपए की साइबर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है. पुलिस शिकायत के आधार पर ठगी के तरीके और रकम के ट्रांजेक्शन की जांच कर रही है. जयपुर में सामने आए ये मामले साइबर अपराधियों के बदलते तरीकों की ओर इशारा करते हैं. क्रेडिट कार्ड, पेंशन कार्ड, स्क्रीन शेयरिंग और यूपीआई के जरिए लोगों को निशाना बनाया जा रहा है. ऐसे में अनजान कॉल पर ओटीपी साझा करने और अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर करने से बचना जरूरी है. किसी भी संदिग्ध वित्तीय ट्रांजेक्शन पर तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करें.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES