App

जयपुर में पिता ने बेटे का कराया अपहरण: पत्नी को वापस लाने के लिए बनाया प्लान, 4 गिरफ्तार

जयपुर के शिवदासपुरा इलाके में नाबालिग बालक के अपहरण का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, पत्नी को वापस लाने और पड़ोसी पर दबाव बनाने के लिए बालक के पिता कालूराम मीणा ने अपहरण की साजिश रची थी. मामले में पिता समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका भाई मुकेश मीणा फरार है.

जयपुर में पिता ने बेटे का कराया अपहरण: पत्नी को वापस लाने के लिए बनाया प्लान, 4 गिरफ्तार
Image Credit: AI Image

राजस्थान के जयपुर जिले में शिवदासपुरा इलाके में एक नाबालिग बालक के अपहरण की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया. जांच में सामने आया कि बालक के अपहरण की साजिश उसके अपने पिता कालूराम मीणा ने रची थी. पुलिस के मुताबिक, पत्नी को वापस लाने और उसके साथ गए पड़ोसी राकेश मीणा व उसके परिजनों पर दबाव बनाने के लिए बेटे के अपहरण की पूरी योजना बनाई गई. मामले में पुलिस ने बालक के पिता कालूराम मीणा समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

डीसीपी जयपुर साउथ राजर्षि राज के अनुसार, 16 अक्टूबर 2026 को बालक के अपहरण की रिपोर्ट शिवदासपुरा थाने में दर्ज कराई गई थी. रिपोर्ट में बताया गया कि प्लॉट पर जाते समय रास्ते में दो नकाबपोश बाइक सवार बालक को RO से पानी लेने के दौरान अपने साथ ले गए. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की. तकनीकी सहायता और जांच के आधार पर पुलिस ने नाबालिग बालक को 48 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर लिया.

तीन महीने पहले पड़ोसी के साथ चली गई थी पत्नी

पुलिस की जांच में अपहरण के पीछे पारिवारिक विवाद सामने आया. पुलिस के मुताबिक, कालूराम मीणा की पत्नी करीब तीन महीने पहले उसके पड़ोसी और मित्र राकेश मीणा के साथ चली गई थी. आरोप है कि वह संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी अपने साथ ले गई थी. पुलिस के अनुसार, पत्नी के वापस नहीं लौटने से कालूराम नाराज था. इसके बाद उसने अपने भाई मुकेश मीणा के साथ मिलकर राकेश मीणा और उसके परिजनों पर दबाव बनाने की नीयत से अपने ही बेटे के अपहरण की साजिश रची.

दुकान के कर्मचारियों को भी किया शामिल

पुलिस के मुताबिक, साजिश को अंजाम देने के लिए आरोपियों ने दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों को भी शामिल किया. वारदात में कथित भूमिका के आधार पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामले में अन्य संबंधित तथ्यों और आरोपियों की भूमिका को लेकर जांच जारी है.

पिता समेत चार आरोपी गिरफ्तार और चाचा फरार

पुलिस ने इस मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं वारदात में शामिल कालूराम मीणा का भाई मुकेश मीणा फरार बताया जा रहा है. कालूराम मीणा निवासी पार्श्वनाथ एन्क्लेव बीलवा जयपुर दक्षिण, मन्नाराम मीणा निवासी कोटखावदा जयपुर दक्षिण, रोहित मीणा निवासी पार्श्वनाथ एन्क्लेव बीलवा जयपुर दक्षिण, अंगद मीणा निवासी मीणा ठिकरिया जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया गया.

अपहरण की साजिश खोलने वाली टीम में डीएसटी और साइबर सेल के पुलिसकर्मी भी शामिल रहे. पुलिस की कार्रवाई में बालक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है. पारिवारिक विवाद के चलते अपने ही बेटे के अपहरण की साजिश रचने का यह मामला अब पुलिस की विस्तृत जांच के दायरे में है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Vishnu Prakash Sharma

Vishnu Prakash Sharma

जी राजस्थान में सीनियर कॉरेस्पॉन्डेंट के रूप में कार्यरत विष्णु प्रकाश शर्मा पत्रकारिता के क्षेत्र में विगत 30 वर्षों से सक्रिय हैं. जी मीडिया में वे BJP, तीसरा मोर्चा,  RSS सहित अन्य राजनीतिक विषय या गृह, वित्त और क्राइम से जुड़ी खबरों को प्रमुखता से कवर करते हैं. बात चाहे बीजेपी संगठन में किसी भी हलचल की या फिर पार्टी के वीवीआईपी दौरों से लेकर कानून व्यवस्था से जुड़ी खबरों की, विष्णु शर्मा सक्रिय रूप से इन सभी की न्यूज कवर कर दर्शकों तक पहुंचाते हैं। राजनीतिक और गृह-पुलिस की खबरों पर भी गहरी पकड़ रखते हैं. राजनीति से जुड़ी हर छोटी बड़ी खबरों को भी दर्शकों तक पहुंचाते हैं.  विष्णु प्रकाश शर्मा जी मीडिया समूह से पहले दैनिक भास्कर में 10 साल, राजस्थान पत्रिका में 12 साल, फर्स्ट इंडिया न्यूज 7 महीने कार्य कर चुके हैं.
Read More