SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

जयपुर की सियासी तस्वीर पर वोटरों की मुहर, 63.55% मतदान ने बढ़ाई धड़कनें

Jaipur Municipal Election: जयपुर नगर निगम चुनाव में इस बार 63.55% मतदान हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक आंकड़ा है. 24.33 लाख मतदाताओं में से 15.46 लाख ने वोट डाला. आमेर 81.45% मतदान के साथ सबसे आगे रहा, जबकि सिविल लाइंस में 57.28% वोटिंग हुई. अब 14 सितंबर को मतगणना के बाद पता चलेगा कि रिकॉर्ड मतदान किसके पक्ष में गया.

Reported By Deepak Goyal Written By Ansh Raj
Published: Sep 12, 2026, 06:32 AM IST | Updated: Sep 12, 2026, 07:52 AM IST
Image Credit: Rajasthan News
Join

Rajasthan News: जयपुर नगर निगम चुनाव में इस बार मतदाताओं ने नया रिकॉर्ड बना दिया. शहर में कुल 63.55 प्रतिशत मतदान हुआ, जो जयपुर के निकाय चुनावों के इतिहास में पहली बार 60 प्रतिशत का आंकड़ा पार कर गया. 24 लाख 33 हजार 198 मतदाताओं में से 15 लाख 46 हजार 193 ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. हालांकि रिकॉर्ड मतदान के बावजूद 8 लाख 87 हजार 5 मतदाता बूथ तक नहीं पहुंचे.

जयपुर में मतदान का यह आंकड़ा 2004 के मुकाबले 22.25 प्रतिशत अंक अधिक है. 2004 में 41.30 प्रतिशत मतदान हुआ था. इसके बाद 2009 में 51.80 प्रतिशत और 2014 में करीब 60 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. 2020 में जयपुर हेरिटेज में 57.82 प्रतिशत और ग्रेटर में 58.31 प्रतिशत वोटिंग हुई थी.

आदर्श नगर में सबसे बड़ा उछाल

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार जयपुर के 10 में से 9 विधानसभा क्षेत्रों में 2020 के मुकाबले मतदान बढ़ा है. सबसे बड़ा उछाल आदर्श नगर में देखने को मिला, जहां मतदान 57.30 प्रतिशत से बढ़कर 72.20 प्रतिशत पहुंच गया. यानी यहां 14.90 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई.

सिविल लाइंस में 47.46 से बढ़कर 57.28 प्रतिशत, किशनपोल में 57.64 से 67.44 प्रतिशत और आमेर में 72.94 से 81.45 प्रतिशत मतदान हुआ. झोटवाड़ा में भी 56.01 से बढ़कर 64.39 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई.

सांगानेर में मतदान घटा

जयपुर का सांगानेर अकेला विधानसभा क्षेत्र रहा, जहां 2020 के मुकाबले मतदान में गिरावट आई. यहां वोटिंग 59.59 प्रतिशत से घटकर 57.85 प्रतिशत रह गई. यानी 1.74 प्रतिशत अंक की कमी दर्ज हुई.

वहीं विद्याधर नगर और बगरू में मतदान बढ़ा, लेकिन वृद्धि एक प्रतिशत अंक के आसपास ही रही. विद्याधर नगर में 0.77 और बगरू में 1.11 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी हुई.

आमेर सबसे आगे, सिविल लाइंस सबसे पीछे

वार्ड स्तर पर भी मतदान का अंतर काफी बड़ा रहा. सिर्फ तीन वार्ड वाले आमेर के वार्ड 148 से 150 में 81.45 प्रतिशत मतदान हुआ और यह सबसे अधिक रहा. दूसरी ओर सिविल लाइंस के वार्ड 88 से 103 में 57.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.

आखिरी तीन घंटों में बदली तस्वीर

मतदान के दौरान शुरुआती घंटों में रफ्तार धीमी रही. सुबह 10 बजे तक 16.23 प्रतिशत मतदान हुआ था. दोपहर 1 बजे यह 37.40 प्रतिशत और दोपहर 3 बजे 48.90 प्रतिशत पहुंचा. इसके बाद अंतिम तीन घंटों में मतदान की रफ्तार तेज हुई और शाम 6 बजे तक आंकड़ा 63.55 प्रतिशत पहुंच गया.

अब जयपुर के 150 वार्डों का फैसला EVM में लॉक है. 14 सितंबर को होने वाली मतगणना के बाद साफ होगा कि रिकॉर्ड मतदान ने किस उम्मीदवार और किस राजनीतिक दल के पक्ष में जीत का गणित मजबूत किया.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Deepak Goyal
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES