जयपुर एयरपोर्ट का विंटर शेड्यूल: जोधपुर, वाराणसी और धर्मशाला समेत इन नए शहरों के लिए उड़ानें जल्द
Jaipur Airport Winter Schedule: जयपुर एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से विंटर शेड्यूल लागू होने के साथ-साथ फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़ने जा रही है. घरेलू उड़ानों की संख्या 60 से अधिक और कुल फ्लाइट्स 65 से ज्यादा होने की संभावना है.
Jaipur Airport Winter Schedule: जयपुर अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 25 अक्टूबर से फ्लाइट संचालन में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. जयपुर से विभिन्न शहरों के लिए एयर कनेक्टिविटी बढ़ने जा रही है. वहीं इंटरनेशनल एयर कनेक्टिविटी में बैंकॉक के लिए फ्लाइट फिर से शुरू होने जा रही है.
अक्टूबर में होगा फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव
अक्टूबर महीने के अंतिम रविवार से देश-दुनिया में फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव होता है. देशभर के सभी एयरपोर्ट्स पर 25 अक्टूबर से फ्लाइट्स का विंटर शेड्यूल लागू हो जाएगा. इस नए शेड्यूल में जयपुर एयरपोर्ट पर एयर कनेक्टिविटी में एक साथ बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. आपको बता दें कि वर्तमान में एविएशन सेक्टर की स्थिति बहुत बेहतर नहीं है.
फरवरी में ईरान-अमेरिका युद्ध के हालात के बाद से ही एविएशन टरबाइन फ्यूल यानी विमानों के ईंधन की दरों में बढ़ोतरी हुई है. इस कारण एयरलाइंस ने फ्लाइट संचालन में कटौती कर दी है, जबकि हवाई किराए की दरें और अधिक हो गई हैं, लेकिन अब विंटर शेड्यूल में जब राजस्थान में पर्यटन सीजन चलेगा, तब जयपुर एयरपोर्ट पर फ्लाइट कनेक्टिविटी में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी. अभी जयपुर एयरपोर्ट से रोजाना औसतन 47 फ्लाइट संचालित हो रही हैं.
विंटर शेड्यूल में घरेलू फ्लाइट्स की संख्या 60 के पार होगी. वहीं कुल फ्लाइट्स की संख्या 65 से अधिक रहने की संभावना है. आपको बता दें कि अभी सबसे अधिक 8 फ्लाइट मुंबई के लिए चल रही हैं. विंटर शेड्यूल में मुंबई के लिए रोजाना 13 फ्लाइट संचालित होंगी.
जयपुर से इस तरह बढ़ेगी एयर कनेक्टिविटी
जयपुर से मुंबई के लिए अभी 8 फ्लाइट है, जो विंटर शेड्यूल में 13 फ्लाइट चलेंगी. 5 इंडिगो, 3 एयर इंडिया, 3 एयर इंडिया एक्सप्रेस, 1 स्पाइसजेट और 1 फ्लाइट अकासा एयर की संचालित होगी. दिल्ली के लिए अभी 6 फ्लाइट्स संचालित हो रही हैं. विंटर शेड्यूल में औसतन 9 फ्लाइट्स चलेंगी. इनमें 5 इंडिगो, 2 एयर इंडिया, 1 एयर इंडिया एक्सप्रेस और 1 एलायंस एयर की फ्लाइट होगी. बेंगलुरु के लिए कुल 7 फ्लाइट्स संचालित होंगी. इनमें 4 इंडिगो, 2 एयर इंडिया एक्सप्रेस और 1 अकासा एयर की फ्लाइट शामिल है.
हैदराबाद के लिए कुल 4 फ्लाइट्स संचालित होंगी, सभी इंडिगो की होंगी. कोलकाता के लिए कुल 4 फ्लाइट्स संचालित होंगी, सभी इंडिगो की होंगी. चेन्नई के लिए 1 फ्लाइट संचालित होगी, जो इंडिगो की होगी. अहमदाबाद के लिए 4 फ्लाइट्स संचालित होंगी, सभी इंडिगो की होंगी. पुणे के लिए 2 फ्लाइट्स संचालित होंगी. 1 एयर इंडिया एक्सप्रेस और 1 इंडिगो होगी. उदयपुर, चंडीगढ़, लखनऊ और इंदौर के लिए 2-2 फ्लाइट्स संचालित होंगी. सभी फ्लाइट्स इंडिगो की होंगी. देहरादून, गुवाहाटी और जोधपुर के लिए 1-1 फ्लाइट संचालित होगी. सभी फ्लाइट्स इंडिगो की होंगी.
जयपुर से जोधपुर की फ्लाइट का शेड्यूल फाइनल
एयरलाइंस ने अभी नए रूटों का अधिक खुलासा नहीं किया है. डीजीसीए के स्तर से विंटर शेड्यूल में नई फ्लाइट शुरू करने के प्रस्ताव तो पेश किए जा चुके हैं, लेकिन अंतिम मंजूरी अभी अक्टूबर मध्य तक मिलने की संभावना है. जयपुर से जोधपुर की फ्लाइट का शेड्यूल फाइनल हो चुका है. जोधपुर के लिए फ्लाइट रोजाना संचालित होगी. जल्द ही जैसलमेर, वाराणसी, धर्मशाला, भोपाल जैसे कुछ अन्य शहरों के लिए भी फ्लाइट शेड्यूल फाइनल हो सकता है.
विंटर शेड्यूल में यह बदलाव भी होंगे लागू
जयपुर एयरपोर्ट पर घरेलू फ्लाइट्स में स्पाइसजेट की फिर एंट्री होगी. स्पाइसजेट मध्य रात्रि में जयपुर से मुंबई के लिए फ्लाइट संचालित करेगी. जयपुर एयरपोर्ट पर 12 अक्टूबर से अकासा एयर नई एयरलाइन आएगी. अकासा एयर मुंबई और बेंगलुरु के लिए एक-एक फ्लाइट शुरू करेगी. जोधपुर के लिए फ्लाइट 6E-7713 फाइनल, जयपुर से सुबह 7:35 बजे जोधपुर जाएगी. 17 नवंबर से बैंकॉक के लिए इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू होगी. फ्लाइट FD-131 जयपुर से रात 11:10 बजे बैंकॉक जाएगी. बैंकॉक की फ्लाइट सप्ताह में 4 दिन रविवार, मंगलवार, बुधवार और शुक्रवार को चलेगी.