SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर ने पत्नी के साथ दी जान: WhatsApp पर लगाया "अंतिम जोहार" का स्टेटस, दोस्त को सौंपा बेटे की जिम्मेदारी

Rajasthan Crime: धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर बलराम मीणा और उनकी पत्नी सरोज मीणा ने किराए के मकान में फंदा लगाकर जान दे दी. स्कूल से लौटे बेटे ने दोनों को अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटका देखा. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है.

Written By Aman Singh
Published: Sep 28, 2026, 05:32 PM IST | Updated: Sep 28, 2026, 05:35 PM IST
Image Credit: Zee Media
Join

Rajasthan Crime: राजस्थान के धौलपुर के निहालगंज थाना क्षेत्र में सोमवार को पति-पत्नी के सुसाइड से हड़कंप मच गया. यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी के मैनेजर बलराम मीणा (37) और उनकी पत्नी सरोज मीणा (33) ने गुरुद्वारे के पास किराए के मकान में अलग-अलग कमरों में फंदा लगाकर जान दे दी. दोनों मूल रूप से करौली जिले के नादौती गांव के रहने वाले थे और धौलपुर में किराए के मकान में बेटे के साथ रह रहे थे. एक साथ दो शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

कमरे में फंदे पर लटके मिले पति-पत्नी

जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर स्कूल की छुट्टी के बाद बेटा घर लौटा, तो मकान का मेन गेट अंदर से बंद मिला. बेटे ने काफी देर तक आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया. इसके बाद आसपास के लोगों को बुलाया गया. लोगों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो दोनों पति-पत्नी अलग-अलग कमरों में फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए. यह दृश्य देखते ही इलाके में हड़कंप मच गया और तुरंत निहालगंज थाना पुलिस को सूचना दी गई.

सूचना मिलते ही ASP वैभव शर्मा और निहालगंज थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने मकान के अंदर प्रवेश कर दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारा. मौके पर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई. प्रारंभिक जांच में यह मामला सुसाइड का ही लग रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है.

डायरी में मिला लिखा हुआ सुसाइड नोट

ASP वैभव शर्मा ने बताया कि मौके से पुलिस को एक डायरी मिली है, जिसमें सुसाइड नोट लिखा हुआ है. सुसाइड नोट में बलराम मीणा ने अपने तीन दोस्तों, दो भाइयों और अपनी मां के लिए अलग-अलग बातें लिखी हैं. उसने अपने दोस्त पुष्पेंद्र के नाम बेटे का ख्याल रखने की बात लिखी है. डायरी में लिखी बातों के आधार पर पुलिस आगे की जांच कर रही है. पुलिस ने डायरी के साथ ही मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है.

सुसाइड से ठीक पहले व्हाट्सएप पर लगाया स्टेटस

जांच में सामने आया है कि बलराम मीणा ने सुसाइड से ठीक पहले दोपहर 12 बजकर 59 मिनट पर अपने व्हाट्सएप पर तीन स्टेटस लगाए थे. दो स्टेटस पर उसने अपनी और पत्नी सरोज की फोटो लगाई थी, जबकि तीसरे और आखिरी स्टेटस पर उसने "अंतिम जोहार" लिखा था. इसके कुछ ही देर बाद दोनों ने यह खौफनाक कदम उठा लिया.

पुलिस ने बताया कि बलराम मीणा 21 सितंबर से ऑफिस नहीं जा रहे थे. वह पिछले कुछ दिनों से छुट्टी पर थे. पुलिस ऑफिस से गैरहाजिर रहने और पारिवारिक कारणों समेत सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है. दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दे दी गई है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

जून 2023 से ज़ी राजस्थान के साथ कार्यरत अमन लगातार अपनी क्रिएटिविटी और प्रोफेशनल स्किल्स के जरिए पाठकों तक तेज, सटीक और भरोसेमंद खबरें पहुंचा रहे हैं. वे उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के रहने वाले हैं, अमन ने जौनपुर से ही अपनी इंटरमीडिएट तक की शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया. डिजिटल पत्रकारिता में गहरी समझ, तेज खबर पकड़ने की क्षमता के कारण अमन सिंह एक उभरते हुए और भरोसेमंद मीडिया प्रोफेशनल के रूप में तेजी से अपनी पहचान बना रहे हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES