पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर राजस्थान में सियासी घमासान मचा हुआ है. बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के बयान को लेकर कांग्रेस ने उनपर निशाना साधा है. PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर मदन राठौड़ का वीडियो जारी कर बीजेपी पर पाकिस्तान प्रेम का आरोप लगाया. वहीं मदन राठौड़ ने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है. राठौड़ ने साफ कहा कि वे माफी नहीं मांगेंगे.
पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सफाई दी है. राठौड़ ने कहा कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया और छोटा-सा बयान काटकर वायरल किया गया. उन्होंने कहा कि पूरा वाक्य सुनने पर अपने आप पता चल जाएगा कि उन्होंने क्या कहा था.
पाकिस्तान को लेकर बयान राजस्थान की राजनीति में भूचाल
मदन राठौड़ बोले- माफी नहीं मांगूंगा. मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया. पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देता है, उसके साथ खड़े नहीं हो सकते. वहीं अमेरिका और पाकिस्तान के मैच में साथ देने के सवाल पर राठौड़ ने कहा कि हमारा पाकिस्तान के प्रति कोई समर्थन नहीं हो सकता. कांग्रेस की ओर से जारी किए गए बयान के वीडियो को सुनकर राठौड़ बोले- खेल की बात को किसके साथ जोड़ना चाहते हो.
मदन राठौड़ ने कहा कि मैंने क्रिकेट मैच के संदर्भ में बयान दिया था. भारत-पाकिस्तान मैच में भारत के हारने पर पटाखे फोड़ने वाले देशभक्त नहीं हैं. इसमें क्या गलत कह दिया. उसी परिप्रेक्ष्य में पाकिस्तान और अमेरिका के मैच को लेकर बात कही थी.
बीजेपी के रग-रग में पाकिस्तान बसा है- डोटासरा
मदन राठौड़ के बयान को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है. PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने X पर वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि मदन राठौड़ ने कहा था कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध हुआ, तो भारत पाकिस्तान के साथ है. डोटासरा ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि पाकिस्तान वह आतंकी मुल्क है, जो भारत के नागरिकों की हत्या करता है, देश में आतंक फैलाता है और सीमा पर जवानों को निशाना बनाता है. डोटासरा ने बीजेपी के कथित पाकिस्तान प्रेम को वीर जवानों की शहादत और करोड़ों भारतीयों का अपमान बताते हुए इसे देशद्रोह करार दिया. डोटासरा ने यह भी कहा कि दूसरों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली बीजेपी के रग-रग में पाकिस्तान बसा है.
डोटासरा के पास कोई काम नहीं- मदन राठौड़
वहीं कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है और वह फालतू की बातें कर रही है. PCC चीफ गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए राठौड़ ने कहा कि उनके पास कोई काम नहीं है, इसलिए इस तरह की बातें उड़ा रहे हैं. वहीं पाकिस्तान प्रेम के आरोपों पर मदन राठौड़ ने राहुल गांधी को लेकर भी कांग्रेस पर हमला बोला. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत का अपमान करते हैं. कांग्रेस उन्हें संभाले... राठौड़ ने आगे कहा कि मैं संभला हुआ देशभक्त हूं और देशभक्ति मेरे अंदर कूट-कूटकर भरी हुई है.
मदन राठौड़ ने षड्यंत्र किए जाने का लगाया आरोप
मदन राठौड़ ने अपने खिलाफ षड्यंत्र किए जाने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि षड्यंत्र करने वाले सफल नहीं होंगे. वायरल वीडियो को लेकर लीगल एक्शन लेने के सवाल पर उन्होंने इनकार करते हुए कहा कि देश सब जानता है. राठौड़ ने कहा कि पाकिस्तान आतंकवादियों को पनाह देता है और उसके साथ खड़े नहीं हो सकते. उन्होंने क्रिकेट मैच के संदर्भ में बात की थी, लेकिन उसमें युद्ध का मुद्दा कहां से आ गया.
फिलहाल, मदन राठौड़ के बयान को लेकर बीजेपी और कांग्रेस आमने-सामने हैं. एक ओर कांग्रेस वीडियो के आधार पर बीजेपी पर पाकिस्तान प्रेम का आरोप लगा रही है, तो दूसरी ओर मदन राठौड़ इसे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश करने का मामला बता रहे हैं. अब देखना होगा कि इस सियासी बयानबाजी का सिलसिला आगे क्या मोड़ लेता है.