8 माह की बच्ची की हत्या का आरोपी निकला पिता: बचने के लिए भाई के परिवार पर लगाया आरोप
करौली के हिण्डौन सिटी में 8 माह की बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, बच्ची की हत्या उसके पिता रामदेव जाटव ने पारिवारिक विवाद के बाद पत्थर पर पटककर की थी.
राजस्थान के करौली जिले के हिण्डौन सिटी में 8 माह की मासूम बच्ची की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. बच्ची की हत्या का आरोप उसके पिता रामदेव जाटव पर लगा है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पारिवारिक विवाद के बाद अपनी ही बच्ची को पत्थर पर पटककर मार डाला और खुद को बचाने के लिए अपने सगे भाई के तीन बेटों और उनकी दो पत्नियों के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया.
बड़े भाई के बेटों और उनकी पत्नियों पर मारपीट का लगाया आरोप
मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की सुबह खेड़े का पुरा गांव में हुई थी. रामदेव अपनी 8 माह की बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचा था, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत देकर अपने बड़े भाई के बेटों और उनकी पत्नियों पर मारपीट के दौरान बच्ची की हत्या करने का आरोप लगाया था.
यह भी पढ़ें- प्रेम-प्रसंग में चचेरा भाई बना हत्यारा: चलती ट्रेन से भाई को दिया धक्का, फिर पत्थर व रॉड से मारकर की हत्या
रामदेव और रामवीर के बीच हुआ था विवाद
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना से एक रात पहले रामदेव और उसकी पत्नी रेशमा के बीच विवाद हुआ था. अगले दिन सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हो रही थी. इस दौरान रामदेव के भतीजे रामवीर ने उन्हें झगड़ा करने से रोका था. इसी बात पर रामदेव और रामवीर के बीच विवाद हो गया.
यह भी पढ़ें- जयपुर में iPhone के लिए युवक का अपहरण: मारपीट के बाद ओमप्रकाश की मौत, 3 और आरोपी गिरफ्तार
आरोपी पिता गिरफ्तार
पुलिस ने आसपास के लोगों और चश्मदीद गवाहों के बयान के आधार पर शिकायतकर्ता रामदेव की भूमिका संदिग्ध पाई. जांच में बच्ची की हत्या और झूठी शिकायत देने के आरोप प्रमाणित होने पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. मामले में आगे की जांच जारी है. पुलिस अधीक्षक लोकश सोनवाल के निर्देश पर नई मंडी थाना पुलिस की टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया. मामले के खुलासे में हेड कांस्टेबल राजेश कुमार की विशेष भूमिका रही.
Reporter- Ashish Chaturvedi