)
दीपावली और छठ पूजा के त्योहारों को ध्यान में रखते हुए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने विशेष त्योहारी बस सेवा की टिकट बुकिंग 1 नवंबर से शुरू कर दी है. यह विशेष बस सेवा बिहार से उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और झारखंड के लिए होगी. इन राज्यों के लिए लगभग 200 बसों का संचालन आने वाले 5 नवंबर से 20 नवंबर के बीच किया जाएगा. इसके लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम ने एसी बस सीटर, स्लीपर, सेमी-स्लीपर और नॉन-एसी बसों का इंतजाम किया है. यात्री https://bsrtc.bihar.gov.in/ पर जाकर टिकट बुक कर सकते हैं.
बिहार राज्य पथ परिवहन निगम के अनुसार, पटना से दिल्ली के लिए 13, हरियाणा के लिए 7 और झारखंड के लिए 4 बसें रवाना होंगी. मुजफ्फरपुर से दिल्ली के लिए 34, गया से दिल्ली के लिए 10, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लिए दो-दो तथा झारखंड के लिए 6 बसें चलाई जाएंगी. इसी तरह पूर्णिया से दिल्ली के लिए 12, हरियाणा के लिए 18, जबकि दरभंगा से दिल्ली के लिए 6 और हरियाणा के लिए 22 बसें संचालित की जाएंगी. इसी तरह अन्य प्रमुख रूटों पर भी बसों का परिचालन किया जाएगा.
पटना से दिल्ली नॉन-एसी सीटर का किराया 1182 रुपये, नॉन-एसी स्लीपर का 1483 रुपये, एसी सीटर का 1318 रुपये और एसी स्लीपर का 1935 रुपये तय किया गया है. मुजफ्फरपुर-दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1074 रुपये, स्लीपर का 1352 रुपये, एसी सीटर का 1195 रुपये और एसी स्लीपर का 1767 रुपये है. गया जी-दिल्ली रूट के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1139 रुपये, स्लीपर का 1426 रुपये, एसी सीटर का 1272 रुपये और एसी स्लीपर का 1861 रुपये, जबकि दरभंगा-दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1165 रुपये, स्लीपर का 1461 रुपये, एसी सीटर का 1201 रुपये और एसी स्लीपर का 1908 रुपये निर्धारित है. पूर्णिया से दिल्ली के लिए नॉन-एसी सीटर का किराया 1486 रुपये, स्लीपर का 1842 रुपये, एसी सीटर का 1668 रुपये और एसी स्लीपर का 2398 रुपये तय किया गया है.
पटना से अंबाला नॉन-एसी सीटर का किराया 1303 रुपये और एसी स्लीपर का 2134 रुपये, पटना से गुरुग्राम नॉन एसी सीटर का 1193 रुपये और एसी स्लीपर का 1948 रुपये तथा गया जी से अंबाला नॉन एसी सीटर का 1242 रुपये और एसी स्लीपर का 2043 रुपये है.
झारखंड रूट पर पटना से गुमला नॉन एसी सीटर का किराया 502 रुपये और एसी स्लीपर का 800 रुपये तथा आरा से रांची नॉन एसी सीटर का 474 रुपये और एसी स्लीपर का 655 रुपये है. पश्चिम बंगाल के लिए पटना से कोलकाता नॉन एसी सीटर का किराया 839 रुपये और एसी स्लीपर का 1276 रुपये तथा गया जी से कोलकाता नॉन एसी सीटर का 736 रुपये और एसी स्लीपर का 1115 रुपये है. उत्तर प्रदेश रूट पर पटना से गाजियाबाद नॉन एसी सीटर का किराया 1120 रुपये और एसी स्लीपर का 1854 रुपये तय किया गया है.
इस आंकड़ों के अनुसार, सबसे ज्यादा छूट एसी स्लीपर बसों में मिल रहा है. सुपौल से दिल्ली एसी स्लीपर का वास्तविक किराया 3030 रुपये है, जिस पर 1000 रुपये की छूट दी जा रही है. इसी तरह लौकहा से दिल्ली एसी स्लीपर का वास्तविक किराया 3077 रुपये है, जिस पर 1028 रुपये की छूट है. भागलपुर से अंबाला रूट पर वास्तविक किराया 3603 रुपये है, जिस पर 1113 रुपये, पूर्णिया से अंबाला रूट का किराया 3462 रुपये है, जिस पर 1103 रुपये, जबकि मधुबनी से अंबाला रूट पर वास्तविक किराया 3257 रुपये है, जिस पर 1092 रुपये की छूट मिल रही है.
परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने कहा कि परिवहन विभाग पिछले वर्ष की तरह ही त्योहारों के दौरान यात्रियों को किफायती यात्रा का विकल्प दे रहा है. त्योहारों के समय यात्री सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ उठा सकते हैं. उन्होंने आगे बताया कि एसी सीटर एवं स्लीपर बस की टिकट बुकिंग करने पर 30 प्रतिशत से अधिक सब्सिडी दी जा रही है.