)
Explainer: राजस्थान में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी में संभागवार महामंथन का दौर जारी है. बीजेपी प्रदेश कार्यालय में चल रही बैठक में एक-एक निकाय और एक-एक वार्ड को लेकर मंथन किया जा रहा है. बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समेत बीजेपी के कई बड़े नेता मौजूद हैं. वहीं प्रत्याशियों के नामों के पैनल को लेकर भी चर्चा जारी है. माना जा रहा है कि बैठक का दौर देर रात तक चल सकता है.
प्रदेश में होने वाले निकाय चुनावों को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. बीजेपी प्रदेश कार्यालय में संभागवार बैठकें आयोजित कर टिकट के दावेदारों और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर मंथन किया जा रहा है. निकाय चुनाव की संभागवार मंथन बैठक में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मौजूद हैं. बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी, चुनाव सह प्रभारी चंद्रशेखर बावनकुले, बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ सहित बीजेपी के कई नेता मौजूद हैं. बीकानेर, कोटा और जोधपुर संभाग की टिकटों को लेकर मंथन किया जा रहा है. बीजेपी की ओर से जल्द ही प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किए जाने की बात कही जा रही है.
कांग्रेस की कोई तैयारी नहीं है मैदान खाली पड़ा है- बीजेपी प्रदेश महामंत्री
टिकटों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच टकराव की स्थिति पर बीजेपी प्रदेश महामंत्री कैलाश मेघवाल ने कहा कि टकराव नहीं है, कार्यकर्ताओं की राय अलग-अलग हो सकती है. कार्यकर्ताओं की राय सुनने के बाद प्रदेश स्तर पर निर्णय लिया जाता है. मेघवाल ने कहा कि कल देर रात तक बैठक चली और अब उन सूचियों को तैयार किया जा रहा है. मेघवाल ने कहा कि कांग्रेस की कोई तैयारी नहीं है, मैदान खाली पड़ा है. हम पूरी तैयारी और रणनीति के साथ मैदान में उतर रहे हैं.
अविनाश गहलोत ने बीजेपी की जीत का किया दावा
वहीं मंत्री अविनाश गहलोत ने निकाय चुनाव में बीजेपी की जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि वन स्टेट वन इलेक्शन से लंबे समय तक चलने वाले चुनावों में समय और पैसे की बर्बादी से बचा जा सकेगा. अविनाश गहलोत ने कहा कि निकाय चुनावों को लेकर लोगों में उत्साह है और निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव में भी बीजेपी जीत हासिल करेगी. हर निकाय पर बारीकी से मंथन किया जा रहा है. विपक्ष मैदान में है ही नहीं, आधे से ज्यादा निकायों में कांग्रेस के पास प्रत्याशी नहीं हैं.
अविनाश गहलोत बोले कांग्रेस के पास जनाधार नहीं
मंत्री अविनाश गहलोत ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जनाधार नहीं है और मतदाता बीजेपी के साथ है. बीजेपी सरकार के कामकाज और विकास के मुद्दे पर चुनाव मैदान में उतरेगी. गहलोत ने बीजेपी में टिकटों को लेकर टकराव से इनकार करते हुए कहा कि बीजेपी के पास बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जिताऊ उम्मीदवार हैं. ऐसे में एक उम्मीदवार का चयन करना चुनौतीपूर्ण है.
कांग्रेस की अंदरूनी फूट को राधा मोहन दास अग्रवाल ने बताया राजनीतिक चरित्र
बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि टिकट के पैनल के नामों पर चर्चा की जा रही है. निकाय चुनावों को लेकर 50 हजार से अधिक आवेदन आए हैं. उन्होंने बीजेपी के संगठन की पहुंच गांव-गांव तक होने का दावा करते हुए कांग्रेस पर भी निशाना साधा. राधा मोहन दास अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी आज गांव-गांव तक पहुंच चुकी है और लोग बीजेपी को मतदान करने के लिए आतुर हैं. इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस की अंदरूनी फूट को उसका राजनीतिक चरित्र बताया.
बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मंथन जारी
फिलहाल बीजेपी प्रदेश कार्यालय में निकाय चुनावों को लेकर मंथन का दौर जारी है. एक-एक वार्ड और संभावित प्रत्याशियों के नामों पर चर्चा की जा रही है. बैठक में अलग-अलग संभागों के टिकटों को लेकर पैनल पर मंथन चल रहा है. बैठक देर रात तक जारी रहने की संभावना है. ऐसे में सभी की नजरें अब बीजेपी की ओर से प्रत्याशियों के नामों के ऐलान पर टिकी हैं.
जान लें ये प्रमुख तिथियां
27 अगस्त- नामांकन दाखिल करने का पहला दिन (सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक).
28 अगस्त- रक्षाबंधन का सार्वजनिक अवकाश.
29 अगस्त- नामांकन दाखिल करने का दूसरा दिन (सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक).
30 अगस्त- रविवार का सार्वजनिक अवकाश.
31 अगस्त- नामांकन दाखिल करने का तीसरा और अंतिम दिन (सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक)
1 सितंबर- सुबह 11 बजे से दोपहर बाद तक नामांकन पत्रों की जांच.
3 सितंबर- दावेदारों के लिए नाम वापस लेने का दिन (दोपहर 3 बजे तक)
9 सितंबर- पहले चरण का मतदान (सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक).
11 सितंबर- दूसरे चरण का मतदान (सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक).
14 सितंबर- मतगणना (सुबह 8 बजे से).

आपके क्षेत्र में कब है मतदान, यहां पढ़ें पूरी जानकारी
पहले चरण में इन निकायों में मतदान होगा. जिसमें पीसांगन, नसीराबाद, केकड़ी, सरवाड़, टाटोटी, सावर, नागौर, जायल, मूंडवा, बासनी, कुचेरा, निवाई, पीपलू, देवली, उनियारा, दूनी, ब्यावर, विजयनगर, मसूदा, भीलवाड़ा नगर निगम, बीगोद, कोटपूतली, पावटा-प्राणपुरा, विराटनगर, नारायणपुर, बानसूर, खाजूवाला, नोखा, देशनोक, लूणकरणसर, श्रीडूंगरगढ़, नापासर, सूरतगढ़, श्रीविजयनगर, रायसिंहनगर, अनूपगढ़, घड़साना, नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी, रावतसर, राजगढ़, चूरू, रतन नगर, सुजानगढ़, छापर, भरतपुर नगर निगम, भुसावर, रूपवास, धौलपुर, राजखेड़ा, मनिया, सैपऊ, सवाई माधोपुर, बौंली, खंडार, शाहपुरा, चौमूं, बगरू, चाकसू, जोबनेर, किशनगढ़-रेनवाल, फुलेरा, सांभर, बस्सी, दूदू, जमवारामगढ़, कालाडेरा, कानोता, खेजरोली, मनोहरपुर, नरायना, फागी, वाटिका, अलवर नगर निगम, रामगढ़, नौगांव, मालाखेड़ा, बहादुरपुर, लक्ष्मणगढ़, खाटूश्यामजी, दांता, नीमकाथाना, श्रीमाधोपुर, खंडेला, रींगस, अजीतगढ़, पलसाना, पिलानी, चिड़ावा, मंड्रेला, विद्याविहार, सूरजगढ़, सिंघाना, बुहाना, मंडावा, बिसाऊ, मलसीसर, बालेसर सत्ता, भोपालगढ़, बिलाड़ा, मथानिया, तिवरी, पीपाड़सिटी, जालोर, आहोर, सायला, सोजत रोड, सोजत सिटी, पाली नगर निगम, रानीखुर्द, मारवाड़ जंक्शन, शिवगंज, आबूरोड, मंडार, रामगंजमंडी, सुकेत, सांगोद, इटावा, सुल्तानपुर, बारां, अंता, सीसवाली, बूंदी, दई, इंद्रगढ़, केशवरायपाटन, झालावाड़, झालरापाटन, भवानीमंडी, डग, भींडर, वल्लभनगर, फतेहनगर-सनवाड़, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, बेगूं, रावतभाटा, नाथद्वारा, आमेट, प्रतापगढ़, अरनोद, डूंगरपुर, लाडनूं, डीडवाना, बोरावड़, कुचामन सिटी, करौली, मंडरायल, सपोटरा, बांदीकुई, बसवा, महवा, मंडावर, सिकराय, भांडारेज, पहाड़ी, कामां, सीकरी, भिवाड़ी, खैरथल, तिजारा, जैसलमेर, बाड़मेर, जसोल, गुड़ामालानी और समदड़ी शामिल है.
राजस्थान की ताज़ा ख़बरों के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहां पढ़ें Rajasthan News और पाएं Jaipur News की हर पल की जानकारी. राजस्थान की हर खबर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!