डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव का गदर: सुबह 10 बजे तक जानें किस समिति में टूटा वोटिंग रिकॉर्ड?
डूंगरपुर में पंचायतीराज चुनाव 2026 के पहले चरण में मतदान जारी है. सुबह 10 बजे तक सीमलवाड़ा में 14.71%, भंडारी में 14% और चिखली में 13.32% मतदान हुआ. जिले में 596 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं.
राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के पहले चरण के तहत गुरुवार सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया. डूंगरपुर जिले में शुरुआती घंटों में मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या कम दिखाई दी, लेकिन समय बढ़ने के साथ केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं. सुबह 10 बजे तक जिले की पांच पंचायत समितियों के मतदान प्रतिशत के आंकड़े सामने आए हैं. वहीं, झोथरी और गलियाकोट पंचायत समितियों का मतदान प्रतिशत अभी जारी नहीं हुआ था.
सुबह 10 बजे तक कहां कितना हुआ मतदान?
डूंगरपुर जिले में पहले चरण के मतदान के दौरान सुबह 10 बजे तक अलग-अलग पंचायत समितियों में मतदान की स्थिति इस प्रकार रही.
- सीमलवाड़ा पंचायत समिति: 14.71 प्रतिशत.
- भंडारी पंचायत समिति: 14 प्रतिशत.
- चिखली पंचायत समिति: 13.32 प्रतिशत.
- पाडवा पंचायत समिति: 10.94 प्रतिशत.
- सागवाड़ा पंचायत समिति: 9.22 प्रतिशत.
इन आंकड़ों के अनुसार, सुबह 10 बजे तक सीमलवाड़ा पंचायत समिति में सबसे अधिक 14.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. वहीं, सागवाड़ा में मतदान का आंकड़ा 9.22 प्रतिशत रहा. झोथरी और गलियाकोट के आंकड़े उपलब्ध नहीं होने के कारण इन दोनों क्षेत्रों की स्थिति साफ नहीं हो सकी.
यह भी पढ़ें- मदेरणा परिवार को खुली चुनौती: 'किसी एक वार्ड से चुनाव लड़ने की हिम्मत दिखाएं', BJP विधायक का तंज
जिला परिषद की 20 सीटों पर भी मतदान
डूंगरपुर जिले में पहले चरण के तहत जिला परिषद की कुल 37 सीटों में से 20 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. इसके साथ ही जिले की 14 पंचायत समितियों में से सात पंचायत समितियों की 119 सीटों पर मतदान हो रहा है.
पहले चरण में सागवाड़ा, पाडवा, गलियाकोट, सीमलवाड़ा, चिखली, भंडारी और झोथरी पंचायत समितियों में चुनाव कराया जा रहा है. पंचायत समिति की 119 सीटों के लिए 404 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं, जिला परिषद की 20 सीटों पर 65 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. इन चुनावों में कुल 5 लाख 21 हजार 601 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे.
596 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के इंतजाम
चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं. जिला निर्वाचन अधिकारी देशल दान के अनुसार, पहले चरण के मतदान के लिए जिले में कुल 596 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. इनमें से 108 केंद्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं.
अतिसंवेदनशील केंद्रों पर राइफलधारी जवान तैनात किए गए हैं. इन केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है. इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 71 पुलिस मोबाइल दल और 71 सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं.
युवा और बुजुर्ग मतदाताओं में दिखा उत्साह
मतदान के दौरान जिले में युवा से लेकर बुजुर्ग मतदाताओं तक में उत्साह देखने को मिला. झोथरी पंचायत समिति के गेंजी मतदान केंद्र पर भूमिका पांचाल ने पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया. वहीं, विकास नगर मतदान केंद्र पर 85 वर्षीय दिव्यांग मतदाता मगनलाल पाटीदार स्कूटी से पहुंचे. इसके बाद वॉकर की मदद से मतदान केंद्र के अंदर जाकर उन्होंने वोट डाला.
दोनों मतदाताओं ने क्षेत्र के विकास, सड़क और पानी जैसे स्थानीय मुद्दों को ध्यान में रखकर अपना जनप्रतिनिधि चुनने की बात कही. पंचायत चुनाव के जरिए मतदाता स्थानीय स्तर पर विकास से जुड़े मुद्दों पर अपनी भागीदारी निभा रहे हैं.