)
दिवाली और छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए जयपुर जंक्शन पर यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू किया है. इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस दोनों ही एजेंसियों ने सतर्कता भी बढ़ाई है.
इस बार दिवाली पर जयपुर स्टेशन पर रोलिंग क्राउड मैनेजमेंट प्लान लागू कर भीड़ को व्यवस्थित तरीके से नियंत्रित किया जाएगा, ताकि यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े. दिवाली और छठ पूजा के दौरान स्टेशन पर आने वाली भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया बनाया जा रहा है, जिसके माध्यम से यात्रियों को चरणबद्ध तरीके से प्लेटफार्म पर प्रवेश दिया जाएगा.
दरअसल, आम दिनों में जयपुर जंक्शन से औसतन 1 लाख यात्री यात्रा करते हैं, लेकिन दिवाली के मौके पर यात्रियों की संख्या बढ़कर डेढ़ लाख या उससे भी अधिक हो जाती है. इस बढ़ी हुई भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है. यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए जयपुर स्टेशन के नए बनाए गए द्वितीय द्वार जो कि हसनपुरा की तरफ स्थित है, उसे यात्रियों के निकास के रूप में उपयोग किया जाएगा. जयपुर डीआरएम रवि जैन ने यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के निर्देश दिए हैं.
4 से 16 नवंबर तक के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं. हसनपुरा के द्वितीय द्वार से यात्रियों का केवल एग्जिट (निकास) रखा जाएगा. इससे मुख्य द्वार पर यात्रियों के निकास के दबाव को कम किया जा सकेगा. हसनपुरा साइड में अभी निर्माण कार्य जारी है, इसलिए एंट्री बंद रहेगी. यात्रियों को प्रवेश अभी केवल मुख्य द्वार की तरफ से ही मिलेगा. भीड़ को देखते हुए स्टेशन परिसर में होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं. यानी प्लेटफार्म पर एक साथ भीड़ बढ़ने पर यात्रियों को होल्डिंग एरिया में रोका जाएगा.
रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से और अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया जा रहा है. उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल के कंट्रोल रूम के माध्यम से स्टेशन परिसर पर लगातार निगरानी रखी जा रही है. वहीं स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए यात्रियों की आवाजाही और भीड़ की स्थिति की निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, जिससे किसी भी असामान्य स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की जा सके. सभी बैगेज स्क्रीनिंग मशीनों को सुचारू किया गया है, जिससे कोई भी संदिग्ध वस्तु स्टेशन के अंदर प्रवेश नहीं कर सके.
यात्रियों की सुरक्षा के लिए इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी सिस्टम लागू है. सभी उपकरणों को सुचारू किया गया, सभी कैमरे सक्रिय हैं. मुख्यालय और सभी मंडलों में 24x7 वार रूम स्थापित किए गए. ये सभी स्थितियों पर नजर रखेंगे, यात्रियों के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करेंगे. आरपीएफ और जीआरपी की नियमित गश्त रहेगी. डॉग स्क्वायड की मदद से संदिग्ध वस्तु या व्यक्तियों की पहचान की जाएगी.