Dholpur News: धौलपुर जिले में कोतवाली पुलिस ने नकली दूध तैयार करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने जायद ढाबे के पीछे कॉलोनी में चल रही एक फैक्ट्री पर छापा मारकर 4 हजार लीटर तैयार नकली दूध बरामद किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 40 कट्टा स्किम्ड मिल्क पाउडर और 100 पीपा पॉम ऑयल भी जब्त किया है. मौके से तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि फैक्ट्री का मुख्य संचालक और मकान मालिक भागीरथ गुर्जर फरार हो गया.
पुलिस को आशंका है कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे नकली दूध की रोजाना टैंकरों के जरिए सप्लाई की जा रही थी. इसकी सप्लाई धौलपुर के अलावा उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों में भी किए जाने की आशंका है.
एसपी की सूचना पर पुलिस ने दी दबिश
कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया कि एसपी विकास सांगवान को सूचना मिली थी कि जायद ढाबे के पीछे स्थित एक घर में केमिकल की मदद से नकली दूध तैयार कर उसकी सप्लाई की जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और फैक्ट्री में दबिश दी.
तलाशी के दौरान घर के अंदर दूध तैयार करने का पूरा सेटअप मिला. यहां दूध बनाने वाली मशीनें, पाउडर घोलने के टैंक और पैकिंग से जुड़े साधन मौजूद थे. पुलिस ने मौके से तैयार दूध के साथ अन्य सामग्री और उपकरणों को भी जब्त कर लिया.
स्किम्ड मिल्क पाउडर और पॉम ऑयल से तैयार होता था दूध
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में स्किम्ड मिल्क पाउडर और पॉम ऑयल को केमिकल के साथ मिलाकर दूध तैयार किया जाता था. तैयार किए गए इस दूध को असली दूध जैसा दिखने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार त्योहारों के सीजन को देखते हुए यहां उत्पादन बढ़ा दिया गया था.
पुलिस को धमकी देकर फरार हुआ मुख्य आरोपी
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री का मुख्य संचालक और मकान मालिक भागीरथ गुर्जर पुलिस टीम को देखकर मौके से भाग गया. पुलिस के मुताबिक फरार होते समय आरोपी ने पुलिस टीम को धमकी भी दी. कोतवाली पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है. साथ ही उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है.
टैंकरों के जरिए यूपी तक सप्लाई की आशंका
पुलिस के अनुसार फैक्ट्री से रोजाना टैंकरों के जरिए नकली दूध की सप्लाई की जा रही थी. आशंका है कि यह दूध धौलपुर के साथ उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों तक पहुंचाया जाता था. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है और सप्लाई चेन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है.
स्वास्थ्य विभाग ने लिए दूध के सैंपल
कार्रवाई की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्मसिंह मीणा अपनी टीम के साथ फैक्ट्री पहुंचे और अलग-अलग जार व टैंकरों में रखे दूध के सैंपल लिए. इसके अलावा मिल्क पाउडर और पॉम ऑयल के भी नमूने लिए गए.
डॉ. मीणा ने बताया कि सभी सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा रहे हैं. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दूध तैयार करने में किस प्रकार के केमिकल का इस्तेमाल किया गया था.
तीन कर्मचारी हिरासत में, सरगना की तलाश जारी
पुलिस कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री में काम कर रहे तीन कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है. वहीं मुख्य आरोपी भागीरथ गुर्जर फरार है. पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. साथ ही नकली दूध की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है.