गोबर से बायोगैस और लाखों की कमाई! डेनमार्क के किसानों ने राजस्थान के पशुपालकों को दिया धांसू सुझाव
डेनमार्क के किसानों का दल राजस्थान के गांवों में सात दिन तक रहा. विदेशी किसानों ने गीर, थारपारकर गायों, डेयरी फार्मिंग और ग्रीन हाउस खेती की तकनीक समझी. इस दौरे से राजस्थान में नई श्वेत क्रांति की उम्मीदें बढ़ी हैं.
राजस्थान में खेती और पशुपालन के क्षेत्र में हो रहे नवाचार अब विदेशों के किसानों को भी आकर्षित कर रहे हैं. भजनलाल सरकार की ओर से कृषि और डेयरी फार्मिंग को बढ़ावा देने के प्रयासों को देखने के लिए डेनमार्क के किसानों का एक दल राजस्थान पहुंचा. दीपावली के मौके पर आए इस दल ने जयपुर के आसपास के गांवों में सात दिन बिताए. इस दौरान किसानों ने यहां की खेती, पशुपालन और डेयरी व्यवस्था को करीब से समझा. विदेशी मेहमानों ने ग्रामीण जीवन देखने के साथ दीपावली के त्योहार का भी आनंद लिया.
गीर, थारपारकर और कांकरेज नस्ल की गायों को देखा
डेनमार्क के ब्रेडेबरो क्षेत्र से आए किसानों ने राजस्थान की प्रमुख गायों की नस्लों गीर, थारपारकर और कांकरेज के बारे में जानकारी जुटाई. उन्होंने गायों के दूध उत्पादन, दूध की गुणवत्ता, पशु आहार और रखरखाव की व्यवस्थाओं को समझा. राजस्थान जैसे शुष्क प्रदेश में डेयरी उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की उन्होंने सराहना की. इसके साथ ही पशुपालकों को गायों की मशीनों से दूध निकालने यानी काऊ मिल्किंग को बढ़ावा देने के लिए सुझाव भी दिए.
यह भी पढे़ं- राजस्थान के 66 लाख से अधिक किसानों की चमकी किस्मत: CM भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी का जताया आभार
एक्सचेंज प्रोग्राम से राजस्थान और डेनमार्क के किसान जुड़े
इस दौरे की वजह डेनमार्क सरकार का एक्सचेंज प्रोग्राम है. इसके तहत राजस्थान के कृषि और वेटरनरी विश्वविद्यालयों से पढ़े युवाओं को यूरोप के कई देशों में खेती, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में काम करने के अवसर मिल रहे हैं.
इसी कार्यक्रम के तहत जयपुर के प्रमोद कुमावत और रामकिशोर रोलानिया का चयन हुआ था. दोनों युवाओं ने डेनमार्क जाकर डेयरी फार्मिंग की आधुनिक तकनीक सीखी. वहां उन्हें सालाना लाखों रुपये के पैकेज का ऑफर भी मिला. अब दोनों युवा डेनमार्क में सीखी तकनीक को राजस्थान के किसानों तक पहुंचाने के प्रयास में जुटे हैं. इसी कड़ी में उन्होंने विदेशी किसानों को यहां के गांवों का भ्रमण कराया.
चार गांवों के डेयरी फार्म देखकर प्रभावित हुए विदेशी किसान
सप्ताहभर के दौरे में डेनमार्क के किसानों को कंवर का बास, खेड़ी दुर्जनियावास और धानक्या सहित जयपुर के आसपास के गांवों के डेयरी फार्म दिखाए गए. इस दौरान विदेशी किसानों ने राजस्थान के ग्रामीण परिवेश और दूध उत्पादन की प्रक्रिया को समझा.
भारत और डेनमार्क की डेयरी व्यवस्था में बड़ा अंतर भी सामने आया. जहां भारत के डेयरी फार्मों में आमतौर पर सौ से डेढ़ सौ गायें होती हैं, वहीं डेनमार्क में एक किसान के पास पांच हजार तक गायें होने की जानकारी दी गई. वहां किसान दूध बेचने के साथ पनीर, चीज और अन्य दुग्ध उत्पाद भी तैयार करते हैं. इसके अलावा गोबर से बनने वाली बायोगैस की बिक्री से भी कमाई करते हैं. डेनमार्क के किसान राजस्थान में भारतीय और ब्राजीलियन नस्लों के मिश्रण से तैयार गारलेंडो गायों को देखकर हैरान हुए.
ग्रीन हाउस और नेट हाउस की खेती ने भी किया प्रभावित
विदेशी किसानों ने रेगिस्तानी क्षेत्र में ग्रीन हाउस और नेट हाउस के माध्यम से हो रही खेती में भी दिलचस्पी दिखाई. यहां कैप्सिकम, खीरे और गुलाब की खेती देखकर वे प्रभावित हुए. उन्होंने नई कृषि तकनीकों और सरकार की ओर से किसानों को दी जाने वाली सहायता के बारे में भी जानकारी ली.
यह भी पढे़ं- 'अगर गांव का विकास चाहिए तो...' पंचायत चुनाव से पहले मदन दिलावर की जनता से बड़ी अपील!
राजस्थान में नई श्वेत क्रांति की उम्मीद
कभी सूखे और अकाल के लिए पहचाने जाने वाले राजस्थान ने खेती और डेयरी फार्मिंग में अपनी अलग पहचान बनाई है. जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा और बीकानेर की डेयरियां सरकारी सहयोग से देश में पहचान बना चुकी हैं. गुणवत्ता और विश्वसनीयता के कारण राजस्थान के डेयरी उत्पादों की बाजार में अच्छी मांग है.
ऐसे में डेनमार्क के डेयरी उत्पादकों और राजस्थान के किसानों के बीच तकनीक का आदान-प्रदान बढ़ता है तो प्रदेश में दुग्ध उत्पादन को नई गति मिल सकती है. आधुनिक तकनीक, बेहतर पशुपालन और दुग्ध उत्पादों के प्रसंस्करण से किसानों की आमदनी बढ़ाने के नए रास्ते खुल सकते हैं. इससे राजस्थान में नई श्वेत क्रांति की संभावनाएं भी मजबूत हो सकती हैं.