डीग में बच्चों का झगड़ा बना खूनी संघर्ष, एक की मौत और 12 लोग घायल, पंचायत चुनाव की रंजिश का आरोप
राजस्थान के डीग जिले के सुंदरावली गांव में बच्चों के विवाद के बाद दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया. लाठी-डंडे और पत्थरबाजी में एक व्यक्ति की मौत और करीब 12 लोग घायल हुए. पंचायत चुनाव की रंजिश का भी आरोप लगा है.
राजस्थान के डीग जिले की बृजनगर ग्राम पंचायत के सुंदरावली गांव में मंगलवार को दो पक्षों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. बच्चों के बीच शुरू हुए झगड़े में बड़े लोग भी शामिल हो गए और देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे. इस दौरान जमकर पत्थरबाजी भी हुई. मारपीट में एक पक्ष के बृजेश पुत्र हरलाल (58) की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के करीब 12 लोग घायल हो गए. इनमें से करीब 10 घायलों को गंभीर हालत में बेहतर इलाज के लिए भरतपुर रेफर किया गया है.
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. बृजेश की मौत की खबर फैलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने डीग चुंगी पर जाम लगा दिया. मृतक पक्ष के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए. पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया.
बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा, बड़े भी भिड़े
जानकारी के अनुसार, सुंदरावली गांव में मंगलवार दोपहर बच्चों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. शुरुआत में यह झगड़ा बच्चों तक सीमित था, लेकिन कुछ ही देर में दोनों पक्षों के बड़े लोग भी इसमें शामिल हो गए. इसके बाद दोनों ओर से लाठी-डंडों से मारपीट शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी होने लगी. इस संघर्ष में दोनों पक्षों के करीब 12 लोग घायल हो गए. सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया.
अस्पताल में बृजेश को मृत घोषित किया
मारपीट में गंभीर रूप से घायल बृजेश पुत्र हरलाल (58) को इलाज के लिए बृजनगर अस्पताल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस घटना से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया.
य़ह भी पढ़ें- झालावाड़ में दर्दनाक हादसा: चाची के सामने ही भतीजे को बाइक से घसीटकर मार डाला, चीख उठे परिजन
करीब 10 घायलों को भरतपुर किया रेफर
घटना में घायल लोगों में कई की हालत गंभीर बताई गई है. बेहतर उपचार के लिए करीब 10 लोगों को भरतपुर रेफर किया गया. इनमें रविन्द्र पुत्र नेमचंद (42), बृजेश पुत्र हरलाल (58), अजय पुत्र श्यामसखा (45), भावेश पुत्र राजेश (25), बलराम पुत्र उदयभान (28), नितेश पुत्र रवि (25), देवेंद्र पुत्र लाखन (20), भविष्य पुत्र वीरेंद्र (17) और उदयभान पुत्र मनोहरी (60) शामिल हैं. ये सभी ब्राह्मण समाज के बताए गए हैं. वहीं, दूसरे पक्ष के शीशराम पुत्र ज्ञानसिंह (45) और गोपाल पुत्र मोहनलाल (50) भी घायल हुए हैं. दोनों गुर्जर समाज से बताए गए हैं.
बृजेश की मौत के बाद डीग चुंगी पर लगाया जाम
बृजेश की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में गुस्सा फैल गया. उन्होंने नगर की डीग चुंगी पर जाम लगा दिया. इससे सड़क पर आवागमन बाधित हो गया. मृतक पक्ष के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते रहे. पुलिस प्रशासन ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया.
पंचायत चुनाव में वोट नहीं देने की रंजिश का आरोप
एक पक्ष की ओर से आरोप लगाया गया है कि पंचायत चुनाव में वोट नहीं देने की रंजिश के चलते दूसरे पक्ष ने मारपीट की. हालांकि, घटना की शुरुआत बच्चों के बीच हुए विवाद से होने की बात भी सामने आई है. फिलहाल दोनों पक्षों के बीच विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
गांव में पुलिस बल तैनात, जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर एडीशनल एसपी अखिलेश शर्मा और नगर थानाधिकारी लाखन सिंह पुलिस जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे. गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारी लगातार घटनाक्रम पर नजर रख रहे हैं और हालात नियंत्रित करने का प्रयास कर रहे हैं.
फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में लिखित शिकायत दिए जाने की जानकारी नहीं है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही विवाद की वजह और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति साफ हो सकेगी.