)
Rajasthan Politics: राजस्थान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली का कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. दोनों नेता जयपुर से डेगाना की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जयपुर हाईवे पर किशनगढ़ में कुछ देर के लिए रुके.
केक कटवाकर डोटासरा को दी शुभकामनाएं
किशनगढ़ विधायक डॉ. विकास चौधरी ने गोविंद सिंह डोटासरा का स्वागत किया. इस दौरान डोटासरा के जन्मदिन के अवसर पर केक कटवाकर उन्हें शुभकामनाएं भी दी गईं. कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से स्वागत करते हुए जन्मदिन की बधाई दी. विधायक डॉ. विकास चौधरी और स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने डोटासरा एवं टीकाराम जूली से मुलाकात की. इस दौरान संगठन और आगामी पंचायतीराज चुनावों को लेकर भी राजनीतिक गतिविधियों के बीच कार्यकर्ताओं की मौजूदगी चर्चा में रही.
डोटासरा का भाजपा पर हमला
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला. डोटासरा ने कहा कि जिस कांग्रेस पार्टी ने देश की आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश को मजबूत लोकतांत्रिक व्यवस्था दी. आज उसी लोकतंत्र को कमजोर करने का काम किया जा रहा है.
डबल इंजन की सरकार पर तानाशाही का आरोप
गोविंद सिंह डोटासरा ने आरोप लगाया कि दिल्ली और राजस्थान में डबल इंजन की सरकार बनाकर तानाशाही की जा रही है. उन्होंने कहा कि संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है, जनप्रतिनिधियों को डराया जा रहा है और लोगों की आवाज दबाने का प्रयास हो रहा है. उन्होंने कहा कि आरक्षण समाप्त करने का षड्यंत्र किया जा रहा है. किसान परेशान हैं, नौजवान रोजगार को लेकर चिंतित हैं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हैं.
समय आने पर जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी- डोटासरा
डोटासरा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पंचायतराज चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धर्म है कि पार्टी नेतृत्व में मजबूती से मैदान में उतरें और भाजपा को पंचायत राज में जवाब दें. उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता अब जाग चुकी है और भाजपा की राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली. डोटासरा ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि समय आने पर जनता सत्ता का हिसाब करेगी और भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी.
स्वागत कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
स्वागत कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मोहित खंडेलवाल, पार्षद हमीदा बानो, तक्की मोहम्मद, महेंद्र यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे. गोविंद सिंह डोटासरा और जूली कुछ समय किशनगढ़ में रुकने के बाद डेगाना के लिए रवाना हो गए.